Bihar Weather Update : उत्तर बिहार में दो दिन बदलेगा मौसम, 18 और 19 अक्टूबर के लिए खास पूर्वानुमान
Light Rain in Bihar : किसानों के लिए सरसों, मटर, मसूर और सब्जियों की बुआई शुरू करने के लिए अनुकूल है, कृषि विश्वविद्यालय पूसा ने सलाह दी है।

Light Rain in Bihar : इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने और मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान
कृषि विज्ञानियों ने किसानों को रबी फसलों की बुआई शुरू करने की सलाह दी
किसान अब गाजर, लहसुन और टमाटर की बुआई भी शुरू कर सकते
संवाद सहयोगी, पूसा (समस्तीपुर)। अक्टूबर का आधा महीना बीत चुका है और अब खेतों में रबी फसलों की तैयारी का समय है। मौसम भी किसानों का साथ देने के लिए अनुकूल होता दिख रहा है।
उत्तर बिहार में अगले कुछ दिनों तक आसमान साफ रहने और मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि 18 और 19 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। ऐसे में किसानों के लिए खेत तैयार करने और सरसों, मटर व मसूर की बुआई शुरू करने का यह उपयुक्त समय है।
डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विभाग की ओर से जारी मौसम बुलेटिन में 17 से 21 अक्टूबर तक के पूर्वानुमान के आधार पर किसानों को कृषि कार्यों की तैयारी करने की सलाह दी गई है।
दो दिन बूंदाबांदी, बाकी समय मौसम शुष्क
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बिहार में 17 से 21 अक्टूबर तक मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहने की संभावना है।
18 और 19 अक्टूबर के आसपास कुछ स्थानों पर बहुत हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
32 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 75 से 85 प्रतिशत तथा दोपहर में 40 से 55 प्रतिशत रहने की संभावना है। पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिशा से पांच से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
सरसों, मटर और मसूर की बुआई करें शुरू
मौसम अनुकूल रहने की संभावना को देखते हुए कृषि विज्ञानियों ने किसानों को रबी फसलों की बुआई शुरू करने की सलाह दी है। सरसों, मटर और मसूर की समय पर बुआई करने से फसलों के बेहतर विकास में मदद मिल सकती है। इसके साथ ही किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखने को कहा गया है।
सब्जियों की खेती के लिए भी अनुकूल समय
किसान अब गाजर, लहसुन और टमाटर की बुआई भी शुरू कर सकते हैं। कृषि कार्यों की योजना बनाते समय स्थानीय मौसम और खेतों की नमी का ध्यान रखना जरूरी है। इससे बुआई के कार्य को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी।
