उत्तर बिहार में 28 अक्टूबर के बाद बारिश के आसार, तापमान 35 डिग्री तक पहुंचने की संभावना
उत्तर बिहार में 24 से 28 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 28 अक्टूबर के बाद हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

उत्तर बिहार में 28 अक्टूबर के बाद बारिश के आसार, तापमान 35 डिग्री तक
HighLights
उत्तर बिहार में 24 से 28 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहेगा।
28 अक्टूबर के बाद हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना।
किसानों को सरसों और अन्य फसलों की बुआई जल्द पूरी करने की सलाह।
संवाद सहयोगी, पूसा। उत्तर बिहार में 24 से 28 अक्टूबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। आसमान साफ रहने की संभावना है।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, समस्तीपुर और बेगूसराय जिले में 27 और 28 अक्टूबर को हल्के से मध्यम बादल छा सकते हैं।
वहीं, 28 अक्टूबर के बाद कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, इस अवधि में अधिकतम तापमान 29 से 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 18 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 70 से 85 प्रतिशत और दोपहर में 33 से 40 प्रतिशत तक रह सकती है। इस दौरान पूर्वी एवं उत्तर-पूर्वी दिशा से 4 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।
सरसों बुआई का अनुकूल समय:
मौसम को देखते हुए किसानों को सरसों की बुआई जल्द पूरी करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही राजमा, मटर, धनिया, मूली और ब्रोकली की बुआई के लिए भी समय अनुकूल बताया गया है।
बुआई से पहले बीजोपचार करने तथा फसलों में संतुलित मात्रा में खाद एवं उर्वरक का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूसा में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में बन रहा चक्रवाती तूफान, बिहार के कई जिलों में बिगड़ेगा मौसम
