समस्तीपुर कलेक्ट्रेट में मुखिया ने किया आत्मदाह का प्रयास, श्मशान की जमीन पर पंचायत भवन निर्माण का विरोध
समस्तीपुर कलेक्ट्रेट में मुखिया बिरजू राय ने श्मशान की जमीन पर पंचायत सरकार भवन निर्माण के विरोध में आत्मदाह का प्रयास किया।

पुलिस की गिरफ्त में मुखिया
HighLights
मुखिया बिरजू राय ने आत्मदाह का प्रयास किया।
श्मशान की जमीन पर पंचायत भवन का विरोध।
समस्तीपुर कलेक्ट्रेट में सुरक्षा घेरा तोड़ा।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। सरायरंजन प्रखंड की मेयारी पंचायत में श्मशान की जमीन पर पंचायत सरकार भवन बनाए जाने के विरोध में मुखिया बिरजू राय ने मंगलवार को समस्तीपुर कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया। उन्होंने पहले ही इसकी घोषणा की थी, जिसके चलते परिसर में सुरक्षा कड़ी की गई थी।
इसके बावजूद वे सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर पहुंचे और एसपी अरविंद प्रताप सिंह की गाड़ी के पास अपने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़ककर माचिस से आग लगाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड और पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। घटना से कुछ देर परिसर में अफरा-तफरी रही।
हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू
पूर्व घोषणा के मद्देनजर कलेक्ट्रेट के आसपास पुलिस बल तैनात था। नगर थाना सहित अन्य थानों की पुलिस भी सुरक्षा में जुटी थी। जानकारी के अनुसार, मुखिया कोर्ट की ओर स्थित बाउंड्री वॉल पार कर परिसर में पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिरासत में बिरजू राय ने कहा कि पंचायत सरकार भवन का निर्माण श्मशान की जमीन पर हो रहा है। उन्होंने इसका विरोध करते हुए जिले और उच्चाधिकारियों से लगातार शिकायत की थी। कई बार पत्राचार के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सुनवाई नहीं होने से आहत होकर उन्होंने कलेक्ट्रेट में आत्मदाह का प्रयास किया।
पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों पर भी सवाल
मुखिया ने पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि सरकार अधिकार देने की बात करती है, लेकिन शिकायतों पर गंभीरता से सुनवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि पंचायतों के कई अधिकार अब भी अधिकारियों के स्तर पर सीमित हैं और प्रतिनिधियों की बात नहीं सुने जाने से उनमें नाराजगी है।
