अच्छी तैयारी हो तो विज्ञान में नब्बे फीसदी से ज्यादा अंक संभव
10 वीं बोर्ड परीक्षा में विज्ञान की परीक्षा 23 फरवरी को है। इसमें अब बस कुछ ही दिन शेष है।
समस्तीपुर । 10 वीं बोर्ड परीक्षा में विज्ञान की परीक्षा 23 फरवरी को है। इसमें अब बस कुछ ही दिन शेष है। विज्ञान की परीक्षा स्को¨रग होती है और इसमें आसानी से अच्छे अंक अर्जित किए जा सकते हैं। वास्तव में कहें तो अगर अच्छी तैयारी हो, तो इसमें 90 फीसद तक अंक प्राप्त करना आसान है। यह कहना है विज्ञान के शिक्षक विजय शंकर ठाकुर का। उन्होंने दैनिक जागरण की कॅरियरशाला के माध्यम से मैट्रिक परीक्षार्थियों को विज्ञान विषय के कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने कहा कि विज्ञान का पत्र भौतिकी विज्ञान, रसायनशास्त्र और जीव विज्ञान में बंटा हुआ होता है। पूरे पाठ्यक्रम में से 40 अंकों के वस्तुनिष्ठ और 40 अंकों के वर्णनात्मक प्रश्न होते हैं। शेष 20 अंकों की प्रायोगिक परीक्षा होती है। सैद्धांतिक परीक्षा के 80 अंकों में भौतिकीशास्त्र, रसायनशास्त्र और जीव विज्ञान तीनों के अंक लगभग समान होते हैं। इसमें से लघु उत्तरीय प्रश्न 2-2 अंकों के और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न 5 से 6 अंकों के हो सकते हैं। वर्णनात्मक प्रश्नों में पर्याप्त संख्या में विकल्प होंगे। जिनमें से चुनकर परीक्षार्थी प्रश्नों का उत्तर दे सकते हैं। विज्ञान विषय में अच्छे अंक प्राप्त करने के लिए सुबह में अध्ययन करना बेहद लाभदायक होगा। सुबह में मस्तिष्क तरोताजा रहता है और सुबह के समय पढ़ी बातें लंबे समय तक याद भी रहती हैं। भौतिकीशास्त्र में विद्युत धारा एवं प्रतिरोध, दर्पण, मानव नेत्र, प्रकाश का परावर्तन तथा अपवर्तन विशेष रूप से देखें। रसायनशास्त्र में आवर्त सारणी, धातु-अधातु, रासायनिक अभिक्रिया इत्यादि हिस्सों को गहराई से देखें। जीवविज्ञान में श्वसन, उत्सर्जन, प्रजनन, अनुवांसिकता आदि खंड महत्वपूर्ण हैं। अपने प्रश्नों के उत्तर में आवश्यकतानुसार आरेख दें, उनका नामांकन करें। इसके लिए महत्वपूर्ण आंखों चित्रों को अभ्यास के द्वारा याद करना बेहतर होगा। रासायनिक अभिक्रिया प्रस्तुत करते समय समीकरण को संतुलित रखें। आंकिक प्रश्नों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करना आसान होता है। ये प्रश्न आसान भी होते हैं। प्रश्न समझकर उपयुक्त सूत्र के प्रयोग से इन्हें हल करें। एक खंड के प्रश्नों का उत्तर एक ही स्थान पर दें। अब नई अवधारणाओं का अध्ययन नहीं करें तथा वर्ष भर पढ़ी गई बातों को दोहराना अधिक फलदायी होगा। आप आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सम्मिलित हों और आपको अच्छे अंक मिलेंगे।