नगर पंचायत क्षेत्र में बंदरों का उत्पात, कई लोगों को किया घायल
समस्तीपुर। दलसिंहसराय नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों बंदरों का आतंक कई दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। उत्पाती बंदर दिनभर गलियों मकान के छतों पर डेरा डाले रहता है।
समस्तीपुर। दलसिंहसराय, नगर पंचायत क्षेत्र में इन दिनों बंदरों का आतंक कई दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। उत्पाती बंदर दिनभर गलियों, मकान के छतों पर डेरा डाले रहता है। इतना ही नही अभी तक दर्जनों बच्चों और बड़ों को काटकर जख्मी कर चुका है। ऐसे में लोगों का गलियों में निकलना और छतों पर चढ़ना मुश्किल हो रहा है। दिनों-दिन बंदरों के बढते उत्पात से शहरवासी परेशान हो रहे हैं। बावजूद इसके प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
लोगों का कहना है कि उत्पाती बंदर छत पर सूखते कपड़े को फाड़ देते हैं। वहीं खाने-पीने की सामग्री को बर्बाद कर देते है। इन उत्पाती बंदरों ने कई लोगों को काटकर घायल भी कर दिया है। जिसमें बुधवार की देर शाम खुट्टी गोदाम निवासी सुधीर कुमार का लगभग 7 वर्षीय पुत्र हर्षवर्धन कुमार को बंदर ने शरीर मे कई जगहों पर काट-काट कर घायल कर दिया। इस वजह से वह लहूलुहान हो गया। आसपास के लोगों ने जब देखा तो हल्ला कर एकत्रित हो गए और तब जाकर कर उसकी जान बच सकी। इससे पहले भी बीरेंद्र कुमार गुप्ता के पुत्र अंश कुमार एवं मनीष वर्णवाल के पुत्र आंसू कुमार को बन्दर ने काट कर घायल कर दिया था। ऐसे ही मामले नप क्षेत्र के कई जगहों से आ रही है। उत्पाती बन्दर दर्जनों लोगों को अपना शिकार बना चुका है। नप प्रशासन इस ओर ध्यान देती है न ही अनुमंडल प्रशासन। एसडीओ के यहां आवेदन दिए लेकिन अभी तक इसपर कोई कार्यवाई नहीं की गई है। इस्माइल खान, बिट्टू, राजेश, नवीन ने बताया कि रेलवे स्टेशन, गंज रोड, कोर्ट रोड, मेन बाजार सहित अन्य जगहों पर बंदर दिनभर गलियों में डेरा डाल रखते है। कभी-कभी आने-जाने वाले राहगीरों पर अचानक धावा बोल देते है। उत्पाती बंदर के कारण बच्चों का गलियों में खेलना तक बंद हो गया है। शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द बंदर को पकड़वाया जाए। ताकि लोगों में भय का माहौल खत्म हो। कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार रंजन सहित एसडीओ विष्णुदेव मंडल ने इसे गंभीरता से लेते हुए फॉरेस्ट अधिकारी से बात की लेकिन अब तक किसी प्रकार का सहयोग अधिकारियों की तरफ से नही मिला है। इस सम्बंध में फारेस्ट अधिकारी भूपेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि कर्मियों को भेज कर बन्दर को शहर से दूर ले जाने का काम जल्द ही करवाया जाएगा।