विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर में ग्राहक बनकर आए चार बदमाश, दुकानदार को बातों में उलझाकर लाखों के कई झुमके ले उड़े

Published: Fri, 18 Sep 2026 06:28 PM (IST)

समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर बाजार स्थित वैष्णव ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर आए चार बदमाशों ने दुकानदार को झांसा देकर काउंटर से ...और पढ़ें

मोहिउद्दीननगर बाजार स्थित वैष्णव ज्वेलर्स में जांच के लिए पहुंची टीम।

मोहिउद्दीननगर बाजार स्थित वैष्णव ज्वेलर्स में जांच के लिए पहुंची टीम।

संवाद सहयोगी, मोहिउद्दीननगर (समस्तीपुर)। समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर बाजार स्थित वैष्णव ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर पहुंचे बदमाश दुकानदार को झांसा देकर काउंटर से लाखों रुपये मूल्य के जेवरात लेकर फरार हो गए।

दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने घटना को इतनी तेजी से अंजाम दिया कि दुकानदार और उसके पुत्र को संभलने तक का मौका नहीं मिला। वारदात के बाद बाजार में सनसनी फैल गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुकानदार ने थाने में दिए आवेदन में बताया है कि दो बाइक पर सवार चार बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे थे।

सभी सामान्य ग्राहक की तरह दुकान में दाखिल हुए। इनमें से एक ने दुकानदार से झुमका दिखाने को कहा। दुकानदार ने ग्राहक समझकर उसे झुमका दिखाया। इसके बाद बदमाश ने कुछ और जेवरात दिखाने को कहा। उसके कहने पर दुकानदार जेवरात लेने दुकान के अंदर चला गया। इस दौरान काउंटर पर दुकानदार का पुत्र मौजूद था।

आरोपित ने बातचीत के दौरान उसे बातों में उलझा लिया और उसका ध्यान काउंटर पर रखे जेवरात से हटा दिया। इसी बीच उसने काउंटर के अंदर एक थैली में रखे करीब एक दर्जन जोड़ी झुमके निकाल लिए।

जेवरात हाथ लगते ही वह तेजी से दुकान से बाहर निकल गया। दुकान के बाहर उसके तीन साथी दो बाइक के साथ पहले से मौजूद थे। सभी बदमाश बाइक पर सवार होकर बाजार से फरार हो गए।

दुकानदार के अनुसार, बदमाशों ने पूरी घटना इतनी तेजी से अंजाम दी कि उन्हें तत्काल इसकी भनक तक नहीं लगी। काउंटर से जेवरात गायब होने का पता चलने तक आरोपित काफी दूर निकल चुके थे।

काउंटर की जांच करने पर करीब एक दर्जन जोड़ी झुमके गायब मिले। दुकानदार ने चोरी गए जेवरात की कीमत करीब चार से पांच लाख रुपये बताई है। इसके बाद तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

बाजार के बीच स्थित आभूषण दुकान में ग्राहक बनकर इस तरह वारदात किए जाने से अन्य आभूषण दुकानदारों में भी चिंता बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि आभूषण दुकानों में ग्राहक बनकर आने वाले संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रखने की जरूरत है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस वैष्णव ज्वेलर्स पहुंची और दुकानदार से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दुकान के अंदर और आसपास की स्थिति की जांच करने के साथ बदमाशों के आने-जाने के रास्ते की भी जानकारी जुटाई।

आसपास की दुकानों और प्रमुख स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान, बाइक के नंबर और उनके भागने की दिशा का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बिहार में शराब की लूट, दरभंगा में ट्रक पलटा, बोतलें लेने की होड़ का