बिहार में शराब की लूट, दरभंगा के बघौल अटहर मार्ग पर ट्रक पलटा, बोतल लेने की मची होड़
दरभंगा में बघौल-अटहर मार्ग पर शराब से लदा एक ट्रक पलटने के बाद स्थानीय लोगों ने बोतलें लूट लीं, जिसका ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, दरभंगा। Darbhanga Overturned Liquor Truck: बिहार के दरभंगा जिले में बहेड़ी थाना क्षेत्र स्थित बघौल-अटहर मुख्य सड़क पर परवाहा बांध के पास शराब से लदा एक हरियाणा नंबर का ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के बाद चालक और शराब माफिया मौके से फरार हो गए। गुरुवार सुबह जैसे ही स्थानीय लोगों को ट्रक में शराब होने की भनक लगी, घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई।
बोतलें लूटने की होड़
देखते ही देखते लोगों के बीच ट्रक से शराब की बोतलें निकालने की होड़ मच गई। कई लोग बेधड़क बोतलें उठाकर भागते हुए नजर आए।
इसी दौरान किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
पुलिस महकमे में हड़कंप
घटना का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह बांध की तरफ गए लोगों ने सबसे पहले पलटे हुए ट्रक को देखा था।
इसके बाद खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए थे।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही पुलिस सुबह लगभग 6:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची और वहां मौजूद भीड़ को खदेड़ा। इसके बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और उसमें बची हुई शराब को अपने कब्जे में लिया।
फिलहाल पुलिस ट्रक चालक और शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
मामले की गहन जांच
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि वायरल वीडियो और फोटो की मदद से शराब लूटने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने शराब ले जाने वाले सभी लोगों से बोतलें वापस लौटाने की अपील की है।
