विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर मऊ बाजार फायरिंग: चार आरोपी ससुराल से दबोचे गए, पुलिस की बड़ी सफलता

Published: Wed, 10 Jun 2026 11:42 AM (IST)

समस्तीपुर के मऊ बाजार फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को उनके ससुराल से ...और पढ़ें

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू।

HighLights

  1. मऊ बाजार फायरिंग मामले में चार आरोपी गिरफ्तार।

  2. दुकान खाली कराने के विवाद में हुई थी फायरिंग।

  3. आरोपी ससुराल में छिपे थे, पुलिस ने दबोचा।

पद्माकर सिंह लाला, विद्यापतिनगर (समस्तीपुर)। Samastipur Firing Case: थाना क्षेत्र स्थित मऊ बाजार में दुकान खाली कराने के विवाद के बाद हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सभी आरोपी घटना के बाद फरार थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए ससुराल में छिपे हुए थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

दुकान खाली कराने के विवाद में हिंसा

मऊ बाजार में कुछ दिन पहले एक मिठाई दुकान खाली कराने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष की ओर से फायरिंग कर दी गई।

घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई और फायरिंग का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की।

14 नामजद और कई अज्ञात पर केस

घटना के बाद दिलीप साह के आवेदन पर पुलिस ने 14 नामजद अभियुक्तों समेत आधा दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

इसके बाद से ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था और तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर उनकी तलाश की जा रही थी।

ससुराल में छिपे मिले चार आरोपी

विद्यापतिनगर थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने अंगारघाट थाना क्षेत्र के चैता गांव में छापेमारी की। यहां गोविंद कुमार सोनी के ससुराल से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में मऊ बाजार निवासी गोविंद कुमार सोनी, मिथिलेश सोनी उर्फ मिथुन, गोपाल सोनी और चन्द्रकिशोर सोनी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार सभी आरोपी घटना के बाद अलग-अलग स्थानों पर छिपकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहे थे।

तकनीकी इनपुट के आधार पर सफलता

पुलिस का कहना है कि लगातार तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना संकलन के बाद आरोपियों की लोकेशन का पता चला। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।

अभियान में थानाध्यक्ष सूरज कुमार, अनुसंधानकर्ता एसआई सलीम रजा, अमृता कुमारी तथा अंगारघाट थाना के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

अन्य फरार आरोपियों की तलाश

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी जारी है। आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मऊ बाजार क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा जताया है।