विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंडर 14 क्रिकेट के रोमांचक फाइनल में मगध प्रमंडल बना विजेता, आखिरी गेंद पर हिमांशु ने जड़ा चौका

Published: Sun, 29 Nov 2026 04:25 PM (GMT+05:30)

समस्तीपुर के पटेल मैदान में अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मगध प्रमंडल ने पटना को पांच विकेट से हराकर जीता। हिमांशु यादव ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर अपनी टीम को विजेता बनाया और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

टीम के साथ अतिथि।

टीम के साथ अतिथि।

संवाद सहयोगी, समस्तीपुर। Samastipur Cricket Tournament Final: समस्तीपुर के पटेल मैदान में रविवार को अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा।

आखिरी गेंद पर मगध प्रमंडल के हिमांशु यादव ने चौका लगाकर अपनी टीम को विजेता बना दिया। मगध ने पटना को पांच विकेट से हराकर खिताब अपने नाम किया।

राज्य खेल प्राधिकरण के बैनर तले जिला खेल विभाग की ओर से आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता का समापन रविवार को पुरस्कार वितरण के साथ हुआ।

पटना ने दिया 138 रन का लक्ष्य

फाइनल मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पटना की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 137 रन बनाए। पटना की ओर से यशराज ने शानदार 76 रन की पारी खेली।

कुमार रोचक ने 26, अभिनव प्रकाश ने 16 और आयुष ने 14 रन का योगदान दिया। इस तरह मगध के सामने जीत के लिए 138 रन का लक्ष्य था।

हिमांशु ने आखिरी गेंद पर दिलाई जीत

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मगध की टीम ने पूरे 20 ओवर में पांच विकेट पर 140 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। मगध की जीत के नायक हिमांशु यादव रहे, जिन्होंने 30 गेंदों पर नाबाद 50 रन बनाए।

आर्यन ने 22, अंकुश ने 15 और गौरव ने 13 रन का योगदान दिया। पटना की ओर से अवनीश, पार्थ, विराट यादव और मयंक ने एक-एक विकेट हासिल किया। अंतिम गेंद पर हिमांशु के चौके ने मगध की जीत पक्की कर दी।

हिमांशु बने मैन ऑफ द मैच

प्रतियोगिता के फाइनल में मुजफ्फरपुर के सन्नी वर्मा और खगड़िया के मनोहर ने निर्णायक की भूमिका निभाई। पुरस्कार वितरण समारोह में मगध के हिमांशु यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पटना के अवनीश सिंह को मैन ऑफ द सीरीज और बेस्ट बॉलर का खिताब मिला। वहीं, पटना के यशराज को बेस्ट बैट्समैन के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।