सूबे में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पूरी तरह खराब : तेजस्वी
पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शनिवार को केंद्र और राज्य सरकार दोनों को आड़े हाथों लिया।
समस्तीपुर । पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शनिवार को केंद्र और राज्य सरकार दोनों को आड़े हाथों लिया। कहा कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थानों को खत्म कर रही है। यही कारण है कि केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआइ के अधिकारी आपस में ही टकरा रहे हैं। एक दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे हैं। आरबीआइ के दो-दो अधिकारी इस्तीफा दे चुके हैं। केंद्र सरकार को केंद्र सरकार इस्तेमाल कर रही है। वहीं राज्य सरकार अपराधियों के सामने पंगु हो चुकी है। एक से बढ़कर एक अपराधिक घटनाएं हो रही हैं। हत्या तो हर रोज हो रही है। पुलिस सुरक्षित नहीं है। नेता भी सुरक्षित नहीं है। खासकर आरजेडी के नेता की तो चुन-चुनकर हत्या हो रही है। ऐसे में आप सहज अनुमान लगा सकते हैं कि क्या हो रहा है। और तो और राजधानी पटना में भी आए दिन वारदात हो रही है। अधिकारियों के घर घुसकर खुलेआम लूट-पाट किया जा रहा है। आखिरकार सरकार क्या कर रही है। लगता है हाथ पर हाथ धरे बैठी है। जबकि गृह मंत्रालय स्वयं मुख्य मंत्री के पास है। कम से कम समीक्षा तो करनी चाहिए। कार्रवाई तो करनी ही चाहिए। जब पटना में ऐसी बात होती है तो आप समझ सकते हैं कि पूरे बिहार में क्या हो रहा है। नेता प्रतिपक्ष शनिवार को समस्तीपुर के कल्याणपुर में राजद महासचिव रघुवर राय की हत्या के बाद उनके परिजनों से मिलने आए थे। वहीं उन्होंने संवाददाताओं से बात भी की। कहा कि घटना होती है लेकिन अपराधी पाताल में चले जाते हैं और सरकार अपराधी के सामने हाथ जोड़कर खड़ा रहती हैं। ऐसे में क्या होगा। कोर्ट लगातार फटकार लगा रहा है। चाहे मुख्यमंत्री शेल्टर होम की बात हो या फिर गया में जो घटना हुई, ऐसी घटना शर्मशार करने के लिए काफी है। अपराधी को तो छोड़ दीजिए अब तो पुलिस वाले का इन्काउंटर हो रहा है। उन्होंने कहा कि सदन खुलने वाला है। हम सदन से लेकर सड़क तक सूबे में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर आंदोलन करेंगे। सरकार हो चाहे विपक्ष हो। सभी को इस मसले पर सोंचना चाहिए। सरकार को चाहिए कि सभी दलों के लोगों को बिठाकर इसपर विमर्श करे। आखिरकार इसपर क्या रणनीति तैयार की जाए। उन्होंने रघुवर राय को पार्टी का एक मजबूत सिपाही बताया। कहा कि लॉ एंड आर्डर की स्थिति पूरी तरह खराब है। बीजेपी और जदयू की सरकार अपराधियों को संरक्षण देने का काम कर रही है। अपराधी बेलगाम घूम रहे हैं। और उपमुख्यमंत्री अपराधियों के सामने हाथ जोड़कर खड़े रहते हैं। मौके पर पूर्व मंत्री आलोक कुमार मेहता, विधान पार्षद भोला यादव, विधायक अख्तरूल इस्लाम शाहीन, विधायक अख्तरूल इस्लाम शाहीन, प्रदेश महासचिव फैजुर्रहमान फैज, पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती आदि मौजूद रहे। इसके पूर्व उन्होंने जर्नानदनपुर में एक सभा को भी संबोधित किया एवं पीड़ित परिजनों से भेंट की।