विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के युवाओं के सपनों पर 'सरकारी ब्रेक'! 6 महीने से फाइलों में कैद 480 एकड़ का इंडस्ट्रियल पार्क

Published: Wed, 25 Nov 2026 02:43 PM (IST)

समस्तीपुर के खानपुर में प्रस्तावित औद्योगिक पार्क के लिए 480 एकड़ जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव छह महीने से लोक वित्त विभाग में लंबित है। इस देरी से जिले के औद्योगिक विकास और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीदों को झटका लगा है।

6 महीने से फाइलों में कैद 480 एकड़ का इंडस्ट्रियल पार्क (AI Generated Image)

6 महीने से फाइलों में कैद 480 एकड़ का इंडस्ट्रियल पार्क (AI Generated Image)

मनीष कुमार, समस्तीपुर। जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए प्रस्तावित औद्योगिक पार्क की योजना सरकारी फाइलों में उलझकर रह गई है। खानपुर प्रखंड में औद्योगिक पार्क की स्थापना के लिए चिह्नित 480 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया अब तक शुरू नहीं हो सकी है।

जमीन अधिग्रहण से संबंधित प्रस्ताव जून महीने से ही लोक वित्त विभाग में लंबित है। करीब छह महीने बीतने के बाद भी फाइल पर निर्णय नहीं होने से परियोजना की आगे की प्रक्रिया अटकी हुई है।

1300 एकड़ में विकसित होना है औद्योगिक क्षेत्र:

जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खानपुर, ताजपुर और मोरवा प्रखंड में कुल 1300 एकड़ जमीन चिह्नित की गई थी। इसके तहत खानपुर प्रखंड में 480 एकड़ जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव तैयार किया गया।

पूर्व में इस परियोजना को जिले में उद्योगों के विस्तार और निवेश की संभावनाओं से जोड़कर देखा गया था, लेकिन जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ने से योजना के धरातल पर उतरने का इंतजार लंबा होता जा रहा है।

स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने की जगी थी उम्मीद:

औद्योगिक पार्क की स्थापना से जिले में नई औद्योगिक इकाइयों के खुलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। इससे युवाओं को नौकरी के लिए दूसरे शहरों और राज्यों में पलायन करने की मजबूरी कम हो सकती है।

साथ ही कृषि आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। ऐसे में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में हो रही देरी से जिले के औद्योगिक विकास की उम्मीदों को झटका लग रहा है।

खानपुर में औद्योगिक पार्क की स्थापना को लेकर विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया की जा रही है। 480 एकड़ जमीन के अधिग्रहण से संबंधित प्रस्ताव लोक वित्त विभाग को भेजा गया है। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - विवेक शर्मा, महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र समस्तीपुर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।