विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर की एक शिक्षिका व शिक्षक के आचरण पर गंभीर आरोप, प्रधानाध्यापिका ने की जांच की मांग

By Ram Dev Singh Edited By: Ajit kumar
Published: Sun, 10 May 2026 04:16 PM (IST)

Bihar Education System: समस्तीपुर के कामोपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने दो शिक्षकों के आचरण पर सवाल ...और पढ़ें

इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। 

HighLights

  1. प्रधानाध्यापिका ने दो शिक्षकों के आचरण पर सवाल उठाए।

  2. व्यक्तिगत संबंधों से विद्यालय की गरिमा, पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप।

  3. मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई।

संवाद सहयोगी, खानपुर (समस्तीपुर)। Samastipur School News: प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कामोपुर में शिक्षकों के आचरण को लेकर विवाद गहरा गया है।

प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने जिला पदाधिकारी को आवेदन भेजकर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित होने का आरोप लगाया है। मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।

प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने भेजा प्रतिवेदन

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका रेणु कुमारी ने जिला पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन देकर बताया है कि विद्यालय में कार्यरत एक शिक्षक और एक शिक्षिका के व्यवहार के कारण स्कूल की गरिमा प्रभावित हो रही है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि दोनों शिक्षकों के व्यक्तिगत संबंधों की चर्चा छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच हो रही है, जिससे विद्यालय की छवि खराब हो रही है।

पढ़ाई प्रभावित होने का आरोप

शिकायत पत्र में कहा गया है कि दोनों शिक्षक व्यक्तिगत मामलों में व्यस्त रहने के कारण नियमित रूप से कक्षाएं नहीं लेते हैं। इससे छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है और विद्यालय का शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि समझाने का प्रयास करने पर संबंधित शिक्षक अन्य कर्मियों को फंसाने की धमकी देते हैं, जिससे विद्यालय में तनाव और असंतोष का वातावरण बना हुआ है।

ग्रामीणों और शिक्षकों का समर्थन

इस शिकायत पत्र पर विद्यालय के कई शिक्षकों, विद्यालय शिक्षा समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों के हस्ताक्षर भी हैं। हस्ताक्षर करने वालों में शिक्षक रंजीत कुमार, विपिन कुमार, अजीत कुमार, राकेश कुमार और नूतन कुमारी सहित कई अन्य लोग शामिल हैं।

जांच और कार्रवाई की मांग

प्रभारी प्रधानाध्यापिका ने मामले की निष्पक्ष और गोपनीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल बहाल करने के लिए आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।