समस्तीपुर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के 1.11 करोड़ रुपये के गबन का पर्दाफाश
समस्तीपुर में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की मेहनत की कमाई में 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितता उजागर हुई है। बैंक मित्र सुमन कुमारी पर आरोप है कि वह महिलाओं से पूरी किस्त लेकर खाते में सिर्फ 10 प्रतिशत जमा करती थी, जिसके बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

जीविका की व्यवस्था में बड़ी वित्तीय गड़बड़ी का मामला सामने आया। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। मेहनत-मजदूरी और छोटे कारोबार से बचाई गई रकम को सुरक्षित रखने के लिए स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं बैंक में किस्त जमा करती रहीं, लेकिन उनके भरोसे का कथित तौर पर फायदा उठाया जाता रहा।
बैंक में किस्त जमा कराने के नाम पर महिलाओं से पूरी राशि लेने और खाते में उसका महज 10 प्रतिशत जमा करने का मामला सामने आया है। विभागीय जांच में 189 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितता उजागर हुई है। इस मामले में बैंक मित्र सुमन कुमारी के विरुद्ध मुफस्सिल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
189 समूहों के खातों से जुड़ा मामला
मामला बिहार ग्रामीण बैंक की बहादुरपुर शाखा से जुड़ा है। यहां किरण जीविका महिला संकुल स्तरीय संघ से जुड़े 189 स्वयं सहायता समूहों के बचत और ऋण खाते संचालित हैं। वर्ष 2017 में संघ की ओर से सुमन कुमारी को इस शाखा में बैंक मित्र के रूप में पदस्थापित किया गया था। उनकी जिम्मेदारी समूह की महिलाओं को बैंकिंग कार्यों में सहयोग करना था।
लिंक फेल होने का बनाती थी बहाना
जीविका की शिकायत के अनुसार, ऋण की किस्त जमा करने पहुंचने वाली महिलाओं से बैंक मित्र राशि ले लेती थी। इसके बाद बैंक का लिंक फेल होने की बात कहकर उन्हें भरोसा दिलाती थी कि लिंक ठीक होते ही उनके खाते में पैसे जमा कर दिए जाएंगे। आरोप है कि महिलाओं से ली गई रकम का महज 10 प्रतिशत ही उनके खातों में जमा किया जाता था। शेष 90 प्रतिशत राशि कथित तौर पर हड़प ली जाती थी।
50 हजार में खाते में जमा होते थे पांच हजार
वित्तीय अनियमितता के तरीके का उदाहरण देते हुए बताया गया है कि यदि किसी महिला ने किस्त के रूप में 50 हजार रुपये दिए तो उसके खाते में महज पांच हजार रुपये जमा किए जाते थे। शेष 45 हजार रुपये अपने पास रख लिए जाते थे। महिलाओं को पूरी राशि जमा होने का भरोसा दिलाने के लिए बैंक की मुहर लगी जमा पर्ची भी कथित रूप से कूट रचना कर दी जाती थी।
आठ वर्षों में 1.11 करोड़ की गड़बड़ी
विभागीय जांच में वर्ष 2017 से 2025 के बीच कुल 1,11,94,105 रुपये की वित्तीय अनियमितता सामने आई है। इस संबंध में जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक मुकेश कुमार पासवान ने मुफस्सिल थाना में आवेदन देकर बैंक मित्र के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया था। पुलिस ने शिकायत के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दैनिक जागरण की खबर के बाद गठित हुई जांच समिति
इस मामले को दैनिक जागरण ने सबसे पहले 24 अगस्त 2025 को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके 28 दिन बाद 22 सितंबर 2025 को तत्कालीन प्रखंड परियोजना प्रबंधक अंजनी कुमार ने ई-मेल के माध्यम से बैंक मित्र के विरुद्ध शिकायत जिला परियोजना प्रबंधक को भेजी थी।
इसके बाद 10 अक्टूबर 2025 को जिला स्तरीय जांच समिति गठित की गई। समिति ने जांच पूरी कर 12 जनवरी 2026 को अपनी रिपोर्ट जिला कार्यालय को सौंपी। रिपोर्ट में कुल 1,11,94,105 रुपये की वित्तीय गड़बड़ी सामने आने की बात कही गई।
राज्य कार्यालय के निर्देश पर प्राथमिकी
विभागीय स्तर पर कार्रवाई के लिए जिला परियोजना प्रबंधक ने 25 नवंबर को और राज्य कार्यालय ने 26 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया। इसके बाद प्रखंड परियोजना प्रबंधक मुकेश कुमार पासवान ने मुफस्सिल थाना में आवेदन दिया। थानाध्यक्ष अजित प्रसाद सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।