विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर मुजफ्फरपुर रेलखंड पर आंधी और बारिश से दो घंटे परिचालन ठप, अवध असम और बिहार संपर्क क्रांति फंसीं

Published: Sat, 10 Oct 2026 11:00 PM (GMT+05:30)

Railway Traffic Disrupted: तेज आंधी और बारिश के कारण समस्तीपुर रेल मंडल के खुदीराम बोस पूसा व कर्पूरीग्राम स्टेशन के ...और पढ़ें

खुदीराम बोस पूसा और कर्पूरीग्राम स्टेशन के बीच डाउन लाइन पर पेड़ गिरने से परिचालन लगभग दो घंटे तक ठप रहा।

खुदीराम बोस पूसा और कर्पूरीग्राम स्टेशन के बीच डाउन लाइन पर पेड़ गिरने से परिचालन लगभग दो घंटे तक ठप रहा।

संवाद सहयोगी, पूसारोड (समस्तीपुर)। Samastipur Muzaffarpur Rail Route: समस्तीपुर रेल मंडल के खुदीराम बोस पूसा और कर्पूरीग्राम स्टेशन के बीच डाउन लाइन पर तेज आंधी के कारण पेड़ गिरने से रेल परिचालन लगभग दो घंटे तक पूरी तरह ठप रहा।

शनिवार सुबह करीब छह बजे अचानक आई तेज आंधी, गरज-चमक और भारी वर्षा के कारण क्षेत्र में व्यापक पैमाने पर नुकसान हुआ है।

प्रभावित हुईं प्रमुख ट्रेनें

रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से अवध असम एक्सप्रेस और बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें बीच रास्ते में ही फंस गईं। खुदीराम बोस पूसा स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक मंजय कुमार ने बताया कि ट्रेन संख्या 15910 अवध असम एक्सप्रेस, 12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और एक सवारी गाड़ी का परिचालन सीधे तौर पर प्रभावित हुआ।

पटरियों से हटाया गया पेड़

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी और सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। युद्धस्तर पर चलाए गए अभियान के बाद रेलवे ट्रैक से गिरे हुए पेड़ों को हटाया गया, जिसके बाद ट्रेनों का परिचालन सुचारू रूप से बहाल किया जा सका। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जनजीवन हुआ अस्त-व्यस्त

पूसा रोड क्षेत्र में तेज हवाओं के कारण कई बड़े पेड़ और टहनियां टूटकर सड़कों पर गिर गईं, जिससे सड़क मार्ग का यातायात भी बाधित हुआ।

इसके अलावा सुबह से ही बिजली और जलापूर्ति ठप रहने से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। अचानक बदले इस मौसम के मिजाज ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है।

यह भी पढ़ें- पटना-धनबाद इंटरसिटी समेत चार ट्रेनों का कुमारधुबी स्टेशन पर ठहराव संभव, ऑपरेशनल व्यवहार्यता की चल रही जांच