छठ पर घर लौटना मुश्किल! बिहार आने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग, कन्फर्म टिकट के लिए मारामारी
Indian Railways Waiting List: दीपावली और छठ महापर्व के लिए घर लौट रहे प्रवासियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा ...और पढ़ें

नई दिल्ली से समस्तीपुर और आसपास के जिलों की तरफ आने वाली प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
HighLights
दीपावली और छठ के लिए घर वापसी में टिकट संकट।
दिल्ली से बिहार आने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग।
यात्री रेलवे से स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की उम्मीद कर रहे।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Diwali Chhath Special Trains: दुर्गापूजा का समापन होते ही अब दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं।
दूसरे राज्यों और महानगरों में नौकरी व पढ़ाई कर रहे प्रवासी अपने घर लौटने के लिए बेताब हैं। हालांकि, ऐन वक्त पर टिकट बुक कराने की कोशिश कर रहे यात्रियों के सामने कंफर्म सीट का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
नई दिल्ली से समस्तीपुर और आसपास के जिलों की तरफ आने वाली प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
सीटों के लिए मारामारी
दिल्ली और समस्तीपुर के बीच लगभग 10 प्रमुख नियमित ट्रेनें संचालित होती हैं, इसके बावजूद यात्रियों को कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है।
कई महत्वपूर्ण ट्रेनों की स्लीपर और इकोनॉमी श्रेणी में ऑनलाइन बुकिंग लगभग बंद हो चुकी है। त्योहार की तारीख नजदीक आने के साथ ही घर जाने वाले लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। ऐसे में जिन यात्रियों ने पहले से बुकिंग नहीं कराई थी, वे काफी परेशान नजर आ रहे हैं।
तत्काल का ही सहारा
दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों में रहने वाले प्रवासियों के पास अब मुख्य रूप से तत्काल टिकट या अन्य वैकल्पिक साधनों का ही सहारा बचा है।
परिवार के साथ पर्व मनाने की चाहत रखने वाले लोग तत्काल कोटे पर उम्मीदें टिकाए बैठे हैं। हालांकि, तत्काल में सीटें सीमित होने के कारण टिकट कंफर्म होने की कोई गारंटी नहीं होती है, जिससे यात्रियों की चिंता और अधिक बढ़ गई है।
इन ट्रेनों पर दबाव
दिल्ली से बिहार आने वाले यात्रियों की सबसे ज्यादा निर्भरता बिहार संपर्क क्रांति, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस, अवध-असम, राजधानी और दरभंगा क्लोन जैसी ट्रेनों पर रहती है।
इसके अलावा बरौनी क्लोन, चंपारण हमसफर, आम्रपाली और गरीब रथ एक्सप्रेस में भी भारी भीड़ उमड़ती है। त्योहारी सीजन में इन सभी प्रमुख ट्रेनों पर यात्रियों का अतिरिक्त दबाव चरम पर पहुंच जाता है।
स्पेशल ट्रेनों की आस
हर साल त्योहारी सीजन में होने वाली भारी भीड़ को देखते हुए यात्रियों को रेलवे से बड़ी उम्मीदें हैं। लोग लगातार नई स्पेशल ट्रेनों के परिचालन शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
रेलवे की ओर से अतिरिक्त ट्रेनों की घोषणा होने पर ही दिल्ली और अन्य महानगरों से लौटने वाले प्रवासियों को वास्तविक राहत मिल सकेगी। फिलहाल यात्रियों की नजरें रेलवे के अगले आधिकारिक फैसलों पर टिकी हैं।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर-1 को तोड़ने की तैयारी पूरी, छठ के बाद रेलवे लेगा बड़ा ब्लॉक
