समस्तीपुर में भाई को बचाकर खुद नदी में समाई बहन, वाया नदी से 50 घंटे बाद बरामद हुआ किशोरी का शव
समस्तीपुर के मोहिउद्दीननगर में वाया नदी में डूबी किशोरी सुप्रिया का शव 50 घंटे बाद बरामद किया गया। उसने अपने ...और पढ़ें

50 घंटे बाद बरामद हुआ किशोरी का श
HighLights
किशोरी सुप्रिया का शव 50 घंटे बाद बरामद।
भाई को बचाने के दौरान नदी में डूबी।
मोहिउद्दीननगर में शोक की लहर, परिवार गमगीन।
संवाद सहयोगी, मोहिउद्दीननगर। वाया नदी में डूबने से मृत किशोरी सुप्रिया का शव कड़ी मशक्क्त के बीच लगभग 50 घंटे बाद मंगलवार की सुबह बरामद किया गया।
बताते है कि दुबहा पंचायत के अदलपुर गांव की रहने वाली 14 वर्षीय सुप्रिया का शव नदी में मछली पकड़ने वाली बारी में फंसा हुआ मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शव देखते ही चीख-पुकार मच गई। घरवालों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।
भाई को बचाने के लिए लगाई छलांग
बताते हैं कि अदलपुर निवासी चंदन चौधरी शिक्षिका जूही कुमारी की पुत्री सुप्रिया बीते रविवार की सुबह अपनी दादी और भाई के साथ वाया नदी में स्नान करने गई थी। इसी दौरान उसका भाई गहरे पानी में चला गया। भाई को डूबता देख सुप्रिया ने नदी में छलांग लगा दी और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन होनी को कुछ और मंजूर था।
इस दौरान वह स्वयं गहरे पानी में डूब गई। भाई की जान बचाने के लिए सुप्रिया ने अपनी जान की परवाह तक नहीं की। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद से ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें नदी में किशोरी के शव की तलाश में जुटी थीं।
मछली पकड़ने वाली बारी में शव फंसा
लगातार प्रयास के बावजूद शव का पता नहीं चल पा रहा था। लंबी प्रतीक्षा के बाद अलसुबह नदी में मछली पकड़ने वाली बारी में शव फंसा दिखाई दिया। इसके बाद बचाव दल ने शव को बाहर निकाला। शव की पहचान सुप्रिया के रूप में होते ही घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
सूचना पर विधायक राजेश कुमार सिंह, पंचायत समिति सदस्य मनोज कुमार सिंह, रवीश कुमार सिंह सहित सैकड़ों लोग मृतका के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी। इधर घरवालों के कहने पर पुलिस ने शव का बिना पोस्टमार्टम कराए ही स्वजन को सिपुर्द कर दिया।
भाई की जान बचाने में अपनी जान गंवाने वाली सुप्रिया की मार्मिक घटना से पूरा इलाका मर्माहत है।
यह भी पढ़ें- समस्तीपुर में दुकान से घर लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या
