टैंकर और अॉटो रिक्शा की जबर्दस्त टक्कर, बिछ गईं चार लाशें, सात लोग घायल
समस्तीपुर जिले में सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। तेज गति से आ रही टैंकलॉरी के अॉटोरिक्शा को टक्कर मार दी जिससे यह दुर्घटना हुई।
समस्तीपुर [जेएनएन]। जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के चौसीमा गांव के पास शुक्रवार को राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 28 पर ऑटो और ट्रक की सामने-सामने हुई टक्कर में चार महिलाओं की मौत हो गई। दुर्घटना में चालक समेत छह लाेग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में भी चार महिलाएं शामिल है।
बताया जाता है कि टेंपो पर सवार सभी लोग झमटिया से गंगा स्नान कर लौट रहे थे। मृतकों में तीन महिलाएं एक ही परिवार की बताई जा रही है। दुर्घटना का कारण ऑटो चालक द्वारा काफी तेज गति और लापरवाही से ऑटो चलाना बताया जा रहा है।
मुसरीघरारी की ओर से आ रहा ट्रक भी काफी तेज गति में था। टक्कर के कारण ऑटो के पचरखे उड़ गए जिसके बाद वह सड़क किनारे जाकर पलट गई। ऑटो पर सवार सभी लोग सड़क पर बिखर गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक ऑटो में दस लोग सवार थे। इनमें से तीन की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
घटना स्थल पर मरने वालों में लखेन्द्र दास की 55 वर्षीय पत्नी कुशमा देवी, विश्वनाथ दास की 35 वर्षीय पत्नी चुनिया देवी, स्व. महेन्द्र दास की 65 वर्षीय पत्नी परिमा देवी शामिल है। वहीं गंभीर रूप से जख्मी चंद्रेश्वर दास की 33 वर्षीय पत्नी रंजू देवी को सदर अस्पताल से पीएमसीएच रेफर किया गया था। जिसकी मौत रास्ते में ही हो गई।
सभी मृतक मुसरीघरारी थाने के विश्म्भरपुर एलौथ की रहने वाली बताई गई है। मृतक रंजू देवी, चुनिया देवी रिश्ते में गोतनी थी तथा परिमा देवी दोनों की चचेरी सास थी। घायलों में मोहनपुर का रहने वाला ऑटो चालक परमजीत कुमार(22), मानपुर का रहने वाला सोनु कुमार (20) तथा विश्वम्भरपुर एलौथ के सखिन्दर दास की पत्नी कमली देवी (50), मिश्री दास की पत्नी पशुपति देवी (48), लखन दास की पत्नी निरसी देवी (60), लालचंद दास की पत्नी सुनैना देवी (38) शामिल है। सभी घायलों का घटनास्थल के पास ही एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। मुसरीघरारी पुलिस ऑटो तथा ट्रक को जब्त कर ली है।
घटना की सूचना पर बीडीओ अभिजीत चौधरी, मुफस्सिल इंस्पेक्टर रामनरेश पासवान, मुसरीघरारी थानाध्यक्ष परमानंद लाल कर्ण दुर्घटना स्थल का जायजा लेने के बाद घायलों का हाल जानने हुडहिया स्थित निजी अस्पताल पहुंचे।
सदर एसडीओ अशोक कुमार मंडल ने बताया कि दुर्घटना में चार की मौत हुई है। सभी मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन विभाग से मिलने वाली चार-चार लाख मुआवजे की राशि मुहैया करायी जाएगी।