कल्याणपुर में सब इंस्पेक्टर पर झोंका मिर्च पाउडर
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के जनार्दनपुर में विवाद सुलझाने गई पुलिस की आंखों में कुछ लोगों ने मिर्च पाउडर झोंक दिया और बदसलूकी भी की।
समस्तीपुर । कल्याणपुर थाना क्षेत्र के जनार्दनपुर में विवाद सुलझाने गई पुलिस की आंखों में कुछ लोगों ने मिर्च पाउडर झोंक दिया और बदसलूकी भी की। घटना शुक्रवार की है। शनिवार को जब प्राथमिकी कराई गई, तब मामला सामने आया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को 11:30 बजे मोहम्मद आफताब आलम खान (एसआइ) जनार्दनपुर में दो पक्षों के बीच बिजली का ट्रांसफॉर्मर लगाने के विवाद को सुलझाने घटनास्थल पर दल-बल के साथ गए थे। वहां सभी ग्रामीण पुराने ट्रांसफॉर्मर की जगह पर ही नए ट्रांसफॉर्मर को लगवा रहे थे। इसमें गांव के ही अरुण कुमार साह (40) पिता किशुनी साह अपने परिवार के साथ इसका विरोध कर रहे थे। एसआइ उन्हें समझा रहे थे। उन्होंने सरकारी नियम के तहत ट्रांसफॉर्मर लगाने की बात कही। तभी, अरुण कुमार साह गाली-गलौज करते हुए आया और मोहम्मद आफताब आलम खान की आंखों में मिर्ची झोंक कर भाग गया। इसके बाद उसके परिवार वालों ने भी थानाकर्मियों के साथ बदसलूकी की। मिर्च पाउडर पड़ने से एसआइ जलन से कराह उठे। स्थानीय लोगों ने पानी से धोने की कोशिश की। बाद में उन्हें गंभीर अवस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। शनिवार को थाना प्रभारी ब्रज किशोर सिंह ने दोषियों पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए उचित कार्रवाई के लिए पहल की है। उन्होंने जनार्दनपुर गांव के किशनी साह के पुत्र अरुण कुमार साह सहित दस को आरोपित किया है।