नगर निकाय : पांच दंपती चुनावी मैदान में, मतदाता मौन
नगर पंचायत चुनाव के कुल चौदह वार्ड के लिए 67 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हैं।
समस्तीपुर। नगर पंचायत चुनाव के कुल चौदह वार्ड के लिए 67 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे हैं। इस बार के चुनाव की एक सबसे बड़ी विशेषता यह भी है कि पांच जोड़ी पति-पत्नी चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं। जबकि इसके पूर्व हुए तीन चुनावों में ऐसा नहीं हुआ था। इस चुनाव में वार्ड - दो से संगीता देवी तो पति सुरेन्द्र पासवान वार्ड ग्यारह से चुनाव मैदान में हैं। वार्ड चार से अरूणा देवी व उनके पति अरूण कुमार गुप्ता वार्ड पांच से ताल ठोक रहे हैं। वार्ड तीन से रीना देवी प्रचार में लगी हैं तो चार वार्ड से उनके पति चंदन प्रसाद चुनावी अभियान में तेजी लाए हुए हैं। वार्ड छह से इसरत जहां मैदान में डटी है। तो वार्ड सात से उनके पति मो. सुलेमान ताल ठोके हुए है। वार्ड आठ से पूर्व वार्ड सदस्या गीता देवी तो उनके पति शंभू प्रसाद साह-ताला और चाबी के साथ वार्ड नौ से किस्मत आजमा रहे हैं। हालांकि मतदान होने में एक पखवारा से अधिक का समय है। लेकिन इन पांच जोड़ी पति-पत्नी का प्रत्याशी होना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।