पूर्व विधायक के साथ दुर्व्यवहार मामले की प्राथमिकी दर्ज
विभूतिपुर में बिहार राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सह बक्सर की पूर्व विधायक मंजू प्रकाश के वाहन चालक के साथ मारपीट और उनके साथ दुर्व्यवहार मामले की प्राथमिकी स्थानीय थाना में दर्ज कराई गई है।
समस्तीपुर । विभूतिपुर में बिहार राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष सह बक्सर की पूर्व विधायक मंजू प्रकाश के वाहन चालक के साथ मारपीट और उनके साथ दुर्व्यवहार मामले की प्राथमिकी स्थानीय थाना में दर्ज कराई गई है। दर्ज मामले में पूर्व विधायक मंजू प्रकाश ने कहा है कि वह नरहन बाजार से अपने घर पतैलिया लौट रही थी। भुसवर बांध से ही एक बाइक पर सवार तीन व्यक्ति लहेरिया कट बाइक चला रहे थे। सभी शराब के नशे में धुत्त थे और आने-जाने वाले लोगों को परेशान कर रहे थे। ज्योंही दिव्य धाम मंदिर पतैलिया के निकट पहुंची कि देखा आरोपितों द्वारा एक व्यक्ति की पिटाई की जा रही है। उनका चालक गाड़ी रोक मामला शांत कराने का प्रयास किया। इसी बीच आरोपितों ने उनके चालक के साथ मारपीट करने लगा। उनके द्वारा चालक को बचाने का प्रयास किया गया तो आरोपित उनके साथ भी उलझ गए। जिस क्रम में उनकी कलाई की चूड़ी टूटकर कलाई में गड़ गई। दर्ज प्राथमिकी में पतैलिया के दुर्गेश सिंह, बमबम पासवान, बूचो सिंह एवं भरत सिंह को आरोपित किया गया है। संदेह जताते हुए कहा है कि बाइक सवार किसी घटना को अंजाम देने वाले थे। इस मामले में पुलिस ने दुर्गेश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थानाध्यक्ष कृष्णचंद्र भारती ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त का मेडिकल कराया गया। जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है। इधर, सअनि अरविद कुमार सिंह द्वारा भी स्थानीय थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिसमें कहा गया है कि वह पुलिस जीप से नरहन बांध पर दिवा गश्ती वाहन चेकिग कर रहे थे। उसी समय सूचना मिली कि पतैलिया में कुछ लोगों के द्वारा शराब पीकर हंगामा किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन हेतु जब पहुंचे तो पूर्व विधायक रामदेव वर्मा के घर के सामने सड़क पर एक व्यक्ति नशे की हालत में अनाप-शनाप बोल रहा था। ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई थी। लोकहित पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना को देखते हुए दुर्गेश कुमार को पुलिस अभिरक्षा में थाना लाया। ब्रेथ एनजाइजर से जांच की गई तो दुर्गेश के शराब पीने की पुष्टि हुई।