विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान महिला सिपाही की मौत, पुलिसकर्मियों ने किया बवाल

Published: Fri, 18 Sep 2026 09:57 AM (IST)

समस्तीपुर सदर अस्पताल में इलाज के दौरान महिला सिपाही मालती कुमारी की मौत हो गई। उनकी मौत के बाद पुलिसकर्मियों ...और पढ़ें

HighLights

  1. महिला सिपाही मालती कुमारी की अस्पताल में मौत।

  2. पुलिसकर्मियों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।

  3. पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर जांच के आदेश दिए।

जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। सदर अस्पताल में शुक्रवार की सुबह इलाज के दौरान महिला सिपाही मालती कुमारी की मौत हो गई। रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के मलहीपुर गांव निवासी मालती समस्तीपुर पुलिस लाइन स्थित रक्षित कार्यालय की निर्गत शाखा में पदस्थापित थीं। पेट दर्द की शिकायत के बाद उन्हें रात में सदर अस्पताल लाया गया था। 

साथी पुलिसकर्मियों के अनुसार, इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सक डॉ. संतोष कुमार झा ने प्रारंभिक उपचार के बाद मालती को आईसीयू में भर्ती करने की सलाह दी। आईसीयू में ले जाने के बाद वहां चिकित्सक के मौजूद नहीं होने का आरोप लगाया गया। 

सूचना मिलने पर डॉ. संतोष कुमार झा आईसीयू पहुंचे और पारा मेडिकल स्टाफ को दवा देने का निर्देश दिया। इसके बाद वे इमरजेंसी वार्ड लौट गए। कुछ ही देर बाद मालती की मौत हो गई। 

जानकारी के अनुसार, मालती कुमारी के दो छोटे बच्चे हैं। वह समस्तीपुर में बच्चों और वृद्ध मां के साथ रहती थीं। उनके पति खेती-बारी का काम करते हैं और गांव में रहते हैं। घटना की सूचना स्वजन को दे दी गई है।

उपचार व्यवस्था पर पुलिसकर्मियों ने जताई नाराजगी

मौत की सूचना मिलते ही पुलिस लाइन से बड़ी संख्या में जवान सदर अस्पताल पहुंचे। साथी पुलिसकर्मियों ने आईसीयू में तत्काल चिकित्सकीय निगरानी नहीं मिलने और एसी बंद होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। 

उनका कहना था कि पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल लाई गई महिला सिपाही की हालत उपचार के दौरान गंभीर हो गई, लेकिन समय पर समुचित चिकित्सकीय सुविधा नहीं मिल सकी। 

पुलिसकर्मियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की। हालांकि, मौत का वास्तविक चिकित्सकीय कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इलाज में लापरवाही के आरोपों पर अस्पताल प्रबंधन या संबंधित चिकित्सक की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

एसपी समेत अधिकारी पहुंचे, जांच शुरू

हंगामे की सूचना पर एसपी अरविंद प्रताप सिंह, प्रभारी सदर एसडीपीओ-1 दुर्गेश दीपक, मुफस्सिल थानाध्यक्ष अजीत प्रसाद सिंह समेत भारी संख्या में पुलिस बल सदर अस्पताल पहुंचा। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से घटना की जानकारी ली और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।

यह भी पढ़ें- समस्तीपुर : एक टक्कर और उजड़ गया परिवार, बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौत; एनएच-28 जाम