ड्यूटी रोस्टर पर फिर गहराया विवाद
सदर अस्पताल में उपाधीक्षक व चिकित्सा पदाधिकारियों के बीच ड्यूटी रोस्टर को लेकर चल रहा विवाद खत्म नहीं हो रहा है।
समस्तीपुर। सदर अस्पताल में उपाधीक्षक व चिकित्सा पदाधिकारियों के बीच ड्यूटी रोस्टर को लेकर चल रहा विवाद खत्म नहीं हो रहा है। डीएस द्वारा शनिवार को जारी किये गए रोस्टर पर ही चिकित्सकों ने प्रश्न चिन्ह्व लगा दिया है। सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में चिपकाये गए ड्यूटी रोस्टर की प्रति पर चिकित्सक ने कुछ प्रश्न जारी कर दिये। सूचना पर पहुंचे उपाधीक्षक ने सभी प्रश्न को पढ़ा है। हालांकि, इस पर प्रशासनिक पदाधिकारी कुछ भी बोलने से परहेज कर रहे है।
ड्यूटी रोस्टर पर चिकित्सक ने उठाये सवाल
- ड्यूटी रोस्टर बनाते समय डा. अशोक वर्द्धन सहाय से करें परामर्श।
- ड्यूटी रोस्टर आठ-आठ घंटे का नहीं 6 और 12 घंटे का है। इसे संशोधित किया जाए।
- सदर अस्पताल में ऑपरेशन के लिए मूर्छक डा. रजनीकांत उपलब्ध नहीं है।
- डा. विजय कुमार वर्मा से क्यों नहीं ड्यूटी कराया जा रहा है।
- सदर अस्पताल के सभी चिकित्सकों को बराबर ड्यूटी दी जाए।
क्या है मामला
सदर अस्पताल में चिकित्सा पदाधिकारियों व उपाधीक्षक के बीच ड्यूटी को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। 28 जुलाई 2016 को जिला गुणवत्ता यकीन समिति की बैठक में जिला पदाधिकारी ने सदर अस्पताल के चिकित्सकों के ड्यूटी रोस्टर तैयार करने की जिम्मेदारी डा. एभी सहाय को दी थी। एक माह बाद 26 अगस्त को सिविल सर्जन डा. अवध कुमार ने डा. सहाय के ड्यूटी रोस्टर को निरस्त करने का आदेश दे दिया। इसमें अगले आदेश तक उपाधीक्षक के ड्यूटी रोस्टर का जारी रखने का निर्देश दिया। सीएस ने लिखा कि डा. सहाय को चिकित्सकों की 8-8 घंटे की ड्यूटी रोस्टर तैयार कर कार्य लेना था।