विद्युत स्पर्शाघात से युवक की मौत, सड़क जाम
समस्तीपुर। मोरवा हलई ओपी क्षेत्र के इन्द्रवारा वार्ड-5 में शुक्रवार को विद्युत स्पर्शाघात से एक युवक की मौत हो गई। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने चकलालशाही चौक पर समस्तीपुर- पटना मार्ग को जाम कर दिया।
समस्तीपुर। मोरवा, हलई ओपी क्षेत्र के इन्द्रवारा वार्ड-5 में शुक्रवार को विद्युत स्पर्शाघात से एक युवक की मौत हो गई। जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने चकलालशाही चौक पर समस्तीपुर- पटना मार्ग को जाम कर दिया। विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मृतक की पहचान उमेश सहनी के 25 वर्षीय पुत्र विष्णु सहनी के रुप में हुई है। बताया जाता है कि वह शुक्रवार की रात बिजली तार से सट रहे सहजन के पेड़ के संपर्क में आ गया। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 12 फीट उंचाई से 33 हजार वोल्ट विद्युत तार गुजर रही है। सहजन का पेड़ उस तार के संपर्क में था। जिसको छूते ही युवक स्पर्शाघात का शिकार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों बिजली विभाग की घोर लापरवाही के विरुद्ध नारेबाजी की। शोकाकुल परिजनों के लिए मुआवजे की मांग पर अड़े थे। सूचना पर दल बल के साथ थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने पहुचंकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। विद्युत विभाग के एसडीओ सुनील कुमार ने आश्रितों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। अंचलाधिकारी भोगेन्द्र प्रसाद यादव ने मृतक के आश्रित को सहायता राशि का चेक प्रदान किया।