मुसरीघरारी में अपराधियों ने अधेड़ को मारी गोली, घायल
समस्तीपुर। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बरबट्टा गांव में गुरुवार की शाम अपराधियों ने एक अधेड़ को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
समस्तीपुर। मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बरबट्टा गांव में गुरुवार की शाम अपराधियों ने एक अधेड़ को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देकर सभी अपराधी फरार हो गए। घायल का इलाज समस्तीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है। घायल की पहचान गांव के ही जयचंद्र सिंह के पुत्र संजय प्रसाद सिंह के रुप में की गई है। घटना के बाबत परिजनों ने बताया कि गुरुवार की शाम जयचंद्र सिंह अपने खेत में लगी फसलों को देख रहे थे। इस बीच करीब 4:30 बजे आधा दर्जन हथियार से लैश अपराधी अचानक खेत में आ धमके। अधेड़ को अकेला देखकर वे लोग मारपीट करने लगे। इसकी सूचना मिलने पर उक्त अधेड़ के परिजन घटनास्थल की ओर दौड़े। घटनास्थल पर पहुंचकर अधेड़ के परिजन ने बीच-बचाव का प्रयास किया। इस दौरान अपराधियों ने उन पर गोली चला दी, जो उनकी दाईं बांह में लगी। वहीं घटनास्थल पर ग्रामीणों को जुटता देख सभी हमलावर वहां से फरार हो गए। वहीं इस घटना से आक्रोशित एक पक्ष के लोगों ने रुपौली बुजुर्ग स्थित एनएच 28 को जाम कर यातायात ठप कर दिया। पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बता दें कि विगत 6 जनवरी को संजय प्रसाद सिंह के पुत्र गौतम कुमार सिंह भी गोलीबारी की घटना में घायल हो गए थे। घटना का कारण पूर्व से चल रहा विवाद बताया गया है। वहीं थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने घटना के संबंध में बताया कि दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगा रहे हैं। बहरहाल पुलिस सभी बिदुओं की जांच में जुटी है।