पोखरा में डूबने से बालक की मौत घर में मचा कोहराम
समस्तीपुर। थाना के उदयपुर गांव में पोखरा में स्नान करने गए एक बालक की मौत गहरे पानी में डू
समस्तीपुर। थाना के उदयपुर गांव में पोखरा में स्नान करने गए एक बालक की मौत गहरे पानी में डूबने से हो गई। ग्रामीणों के अथक प्रयास से घंटों बाद शव को बाहर निकाला गया। उक्त बालक की पहचान गांव के मंटून महतो के पुत्र अमरेश कुमार (8 वर्ष) के रूप में हुई है। घर के लाल की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मचा है। मंटून महतो के घर के सामने लोगों की भीड़ जमा थी। जानकारी के अनुसार अन्य दिनों की भांति अमरेश गांव के ही पोखर में स्नान करने गया था। पोखरा में बने नई सीढ़ी पर ही वह स्नान कर रहा था। इसी दौरान सीढ़ी से फिसलकर अधिक पानी में चले जाने से मौत होना बताया जाता है। सूचना पर पहुंचे पुलिस पदाधिकारी ने शव को जब कर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया है। वहीं अंचलाधिकारी अम्बपाली यादव एवं राजस्व कर्मचारी भी मंटून महतो के घर पहुंच मृतक के परिजन को सांत्वना दिया। नियमानुसार सहायता मुहैया कराने का आश्वासन भी दिया। दूसरी और पुत्र के मौत से माता-पिता दोनों का रो-रो कर बुरा हाल था। मां बबीता देवी की चित्कार रुकने का नाम नहीं ले रहा था। वही पिता मंटून महतो भी फफक फफक कर रो रहे थे। अमरेश के भाई बहन भी अपने सहोदर के पार्थिव शरीर को पकड़ रोए जा रहे थे। मौके पर जुटे ग्रामीणों द्वारा सभी को ढांढस बंधाने का प्रयास जारी था।