Bihar Weather update : चक्रवात अकवन से उत्तर बिहार में मौसम का यू-टर्न, 4 जिलों में बारिश के आसार
उत्तर बिहार में चक्रवात अकवन के प्रभाव से अगले 24-36 घंटों में मौसम बदलने वाला है, जिससे आसमान में बादल छाने के साथ बारिश की संभावना है। बेगूसराय में हल्की से मध्यम बारिश और समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी में बूंदाबांदी के आसार हैं, किसानों को मौसम देखकर ही कृषि कार्य करने की सलाह दी गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
चक्रवात अकवन से उत्तर बिहार में मौसम बदलेगा।
बेगूसराय में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना।
किसानों को कृषि कार्य सावधानी से करने की सलाह।
संवाद सहयोगी, पूसा (समस्तीपुर)। उत्तर बिहार में ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। चक्रवात अकवन के प्रभाव से अगले 24 से 36 घंटे के दौरान आसमान में बादल छाने के साथ बारिश की संभावना है। बेगूसराय में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जबकि समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी के कुछ इलाकों में बूंदाबांदी के आसार हैं।
मौसम में होने वाले इस बदलाव का असर तापमान और हवा की दिशा पर भी देखने को मिलेगा। ऐसे में किसानों को मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही खेती-किसानी से जुड़े काम करने की सलाह दी गई है।
24 से 36 घंटे में बदलेगा मौसम
डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार चक्रवात अकवन के प्रभाव से उत्तर बिहार के मौसम में बदलाव आएगा। अगले 24 से 36 घंटे के दौरान बेगूसराय जिले में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
दो दिनों तक छाए रहेंगे बादल
पूर्वानुमान के मुताबिक अगले एक-दो दिनों तक आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे बदलाव होने की संभावना है। चार दिनों की पूर्वानुमान अवधि में अधिकतम तापमान 24 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
पहले पुरवा, फिर पछुआ हवा
मौसम में बदलाव के साथ हवा की दिशा भी बदलेगी। शुरुआत में मुख्य रूप से पुरवा हवा चलने की संभावना है। इसके बाद पूर्वानुमान अवधि के शेष दिनों में आठ से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवा चल सकती है।
27 डिग्री रहा अधिकतम तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी डा. ए सत्तार ने किसानों को सलाह दी है कि वे अगले एक से दो दिनों तक मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही कृषि कार्य करें। बारिश की संभावना को देखते हुए खेती से जुड़े जरूरी काम सावधानीपूर्वक करने की जरूरत है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।