विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक-एक छक्के पर उछला समस्तीपुर, 52 गेंदों में वैभव ने लिख दी क्रिकेट की नई इबारत

By Vijay KeshariEdited By: Dharmendra Singh
Published: Tue, 24 Nov 2026 06:37 PM (IST)

समस्तीपुर के ताजपुर के वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ 52 गेंदों में 204 रन बनाकर दोहरा शतक जड़ा, जिससे पूरे इलाके में जश्न का माहौल है। उनकी विस्फोटक पारी में 28 छक्के और 7 चौके शामिल थे।

वैभव का दोहरा शतक पूरा होने पर समस्तीपुर के ताजपुर में कटा केक।

वैभव का दोहरा शतक पूरा होने पर समस्तीपुर के ताजपुर में कटा केक।

संवाद सहयोगी, ताजपुर (समस्तीपुर)। टीवी स्क्रीन पर जैसे ही समस्तीपुर के ताजपुर के लाल वैभव सूर्यवंशी ने दोहरा शतक पूरा किया, पूरा इलाका जश्न में डूब गया। किसी ने पटाखे फोड़े तो किसी ने मिठाइयां बांटी।

गांधी चौक पर केक काटकर खुशियां मनाई गईं। वैभव की ऐतिहासिक पारी ने ताजपुर के लोगों का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया। यूएई के खिलाफ भारत की ओर से खेलते हुए वैभव ने महज 52 गेंदों में 204 रन ठोककर क्रिकेट जगत में नया इतिहास रच दिया।

28 छक्कों से गेंदबाजों के उड़ाए होश

एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में वैभव ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से यूएई के गेंदबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया। उन्होंने अपनी पारी में 28 छक्के और सात चौके लगाए। पहले ही ओवर में लगातार तीन छक्के जड़कर खेल प्रेमियों में अलग माहौल बनाए। जैसे-जैसे वैभव के बल्ले से रन बरसते गए, ताजपुर में क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह भी बढ़ता गया। दोहरा शतक पूरा होते ही आतिशबाजी का दौर शुरू हो गया।

गांधी चौक पर काटा केक, बांटीं खुशियां

वैभव की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गांधी चौक स्थित कोजी स्वीट्स के निकट क्रिकेट प्रेमियों ने जमकर जश्न मनाया। उमेश कौशिक के नेतृत्व में लोगों ने केक काटकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। इस दौरान वैभव के नाम के जयकारे भी लगाए गए। क्रिकेट प्रेमियों ने कहा कि ताजपुर के बेटे ने अपनी बल्लेबाजी से पूरे समस्तीपुर का मान बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।

वैभव के घर बधाई देने पहुंचे लोग

वैभव के घर पर भी बधाई देने वाले लोग पहुंचते रहे। सभी ने परिवार को बधाई और शुभकामनाएं दीं। घर से लेकर गांधी चौक तक उत्सव जैसा माहौल रहा।

उमेश कौशिक, रमेश कुमार, प्रभात कुमार, राकेश राज कहना था कि वैभव की यह उपलब्धि ताजपुर के युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी। छोटे से शहर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले वैभव ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बड़े सपनों के लिए बड़े शहरों का होना जरूरी नहीं है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।