समस्तीपुर के नशा मुक्ति केंद्र में मरीज ने प्रबंधक को रॉड से पीटकर मार डाला
समस्तीपुर के मथुरापुर स्थित नशा मुक्ति केंद्र में एक मरीज ने प्रबंधक पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
नशा मुक्ति केंद्र प्रबंधक पर मरीज का हमला।
लोहे की रॉड से सिर पर वार, मौके पर मौत।
मानसिक दिव्यांग आरोपी मरीज हिरासत में लिया गया।
जागरण संवाददाता, वारिसनगर (समस्तीपुर)। नशे की लत से मुक्ति दिलाने और मरीजों के पुनर्वास के लिए बनाए गए केंद्र में अचानक ऐसी वारदात हुई, जिसने सभी को स्तब्ध कर दिया।
यहां एक मरीज ने आराम कर रहे केंद्र के प्रबंधक पर जिम में इस्तेमाल होने वाली लोहे की राड से हमला कर दिया। सिर पर किए गए इस वार से प्रबंधक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद केंद्र में अफरातफरी मच गई।
आराम कर रहे थे प्रबंधक
मामला मथुरापुर थाना क्षेत्र के विश्वकर्मा टोला स्थित मुस्कान नशा विमुक्ति सह पुनर्वास केंद्र का है। यहां कार्यरत 27 वर्षीय राहुल कुमार कमरे में आराम कर रहे थे। इसी दौरान केंद्र में रह रहे एक मरीज ने अचानक लोहे की राड उठाकर उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में राहुल गंभीर रूप से जख्मी हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मुजफ्फरपुर के रहने वाले थे राहुल
मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के पक्की सराय निवासी राम जन्म दूबे के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। वह मुस्कान नशा विमुक्ति सह पुनर्वास केंद्र में प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। उनकी उम्र महज 27 वर्ष थी।
वैशाली का रहने वाला है आरोपित मरीज
घटना को अंजाम देने के आरोप में हिरासत में लिए गए मरीज की पहचान वैशाली जिले के राघोपुर निवासी अनिल पोद्दार के पुत्र हिमांशु कुमार के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह मानसिक दिव्यांग है। घटना के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर मथुरापुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस टीम के साथ केंद्र पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की छानबीन की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए हिरासत में लिए गए मरीज से पूछताछ की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।