समस्तीपुर से बेगूसराय-पटना तक का सफर होगा मुश्किल, बूढ़ी गंडक पुल का संपर्क पथ धंसा
Samastipur road collapse : खानपुर-अंगारघाट मार्ग पर बूढ़ी गंडक नदी पुल के पास संपर्क पथ धंसने से पांच फीट गहरा ...और पढ़ें

भोरे जयराम और बछौली पंचायत की सीमा पर बना गड्ढा। जागरण
HighLights
बूढ़ी गंडक पुल के पास संपर्क पथ में गहरा गड्ढा।
खानपुर-अंगारघाट मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत की मांग की।
संवाद सहयोगी, खानपुर (समस्तीपुर)। सड़क पर सफर करते समय अचानक सामने पांच फीट गहरा गड्ढा मिल जाए तो संभलने का मौका भी मुश्किल से मिलेगा। कुछ ऐसी ही खतरनाक स्थिति खानपुर-अंगारघाट मार्ग पर बूढ़ी गंडक नदी पुल के पास बन गई है।
यहां संपर्क पथ का एक हिस्सा धंसने से सड़क के बीचोंबीच गहरा गड्ढा बन गया है। ऐसे में थोड़ी सी चूक वाहन चालकों के लिए भारी पड़ सकती है। ग्रामीणों ने बांस और पेड़ की टहनियां लगाकर लोगों को सावधान किया है।
सड़क के बीचोंबीच बना गहरा गड्ढा
यह स्थल भोरे जयराम और बछौली पंचायत की सीमा पर स्थित है। संपर्क पथ का धंसा हिस्सा करीब चार से पांच फीट गहरा हो गया है। नीचे की मिट्टी भी पूरी तरह कट गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां पहले छोटा गड्ढा था। बुधवार रात हुई तेज बारिश के बाद पानी के बहाव से स्थिति बिगड़ गई और सड़क का हिस्सा धंस गया।
कई जिलों को जोड़ता है मार्ग
खानपुर-अंगारघाट मार्ग से रोसड़ा, दलसिंहसराय, बेगूसराय, पटना और समस्तीपुर आने-जाने वाले लोगों का आवागमन होता है। इस कारण सड़क को खानपुर की लाइफलाइन माना जाता है।
प्रतिदिन हजारों छोटी-बड़ी गाड़ियां इस मार्ग से गुजरती हैं। संपर्क पथ क्षतिग्रस्त होने से हादसे की आशंका बढ़ गई है। समाचार लिखे जाने तक बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित था।
ग्रामीणों ने की मरम्मत की मांग
खतरे को देखते हुए भोरे जयराम और बछौली के युवाओं ने सड़क पर बांस और पेड़ की टहनियां लगाकर वाहन चालकों को आगाह किया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि हादसे की आशंका दूर हो और यातायात सामान्य हो सके।
