Samastipur News: स्कूल से कट गए बच्चे कहां हैं, घर-घर पहुंचेगी सर्वे टीम, 6 से 19 साल तक के बच्चों की होगी तलाश
समस्तीपुर जिले में 6 से 19 वर्ष के स्कूल से बाहर बच्चों की पहचान के लिए 15 से 22 दिसंबर तक घर-घर सर्वेक्षण होगा। यह सर्वे राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर । जिले में स्कूल से बाहर रह रहे छह से 19 वर्ष के बच्चों की पहचान के लिए घर-घर सर्वेक्षण किया जाएगा। बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने इसके लिए गृहवार सर्वेक्षण मार्गदर्शिका जारी की है। सर्वे 15 से 22 दिसंबर तक चलेगा और पूरी प्रक्रिया 20 जनवरी 2027 तक पूरी होगी।
राज्य, जिला, प्रखंड और स्कूल स्तर पर कोर कमेटियां बनाई जाएंगी। सर्वे में अनामांकित बच्चों के साथ ऐसे बच्चों को भी चिह्नित किया जाएगा, जो नामांकित होने के बावजूद लंबे समय से स्कूल नहीं आ रहे हैं।
स्कूल प्रबंधन के प्रयास के बाद भी लगातार 30 विद्यालय दिवस तक अनुपस्थित रहने वाले बच्चे को ड्रापआउट (छीजित) माना जाएगा। मार्गदर्शिका में स्पष्ट किया गया है कि केवल स्कूल में नामांकन होना बच्चे के पढ़ाई से जुड़े होने का प्रमाण नहीं है।
सर्वे प्रपत्र में बच्चे का नाम, माता-पिता या अभिभावक का नाम, मोबाइल नंबर, जन्मतिथि, लिंग, श्रेणी, धर्म और दिव्यांगता का ब्योरा दर्ज होगा। आधार नंबर उपलब्ध न होने पर भी बच्चे को सर्वे से वंचित नहीं किया जाएगा।
श्रेणी और धर्म अनुमान से नहीं भरे जाएंगे तथा दिव्यांगता का प्रकार भी सर्वेक्षणकर्ता के अनुमान के आधार पर तय नहीं होगा। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शुभम कसौधन ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 2020 के तहत छह से 19 वर्ष के सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
प्रत्येक स्कूल के पोषक क्षेत्र में होगा सर्वे
सर्वे हर स्कूल के पोषक क्षेत्र में होगा। इसमें दूरस्थ और दुर्गम इलाकों, नदी-दियारा क्षेत्रों, ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों और प्रवासी मजदूरों की अस्थायी बस्तियों के परिवार शामिल होंगे।
शहरों में रेलवे स्टेशन, बस पड़ाव, बाजार, चौक-चौराहों और धार्मिक स्थलों पर रहने वाले बच्चों की पहचान के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष रणनीति बनाई जाएगी। इसमें पुलिस, रेलवे प्रशासन, बाल संरक्षण संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों की मदद ली जाएगी।
बाल श्रम में लगे, अनाथ, बेसहारा और दिव्यांग बच्चों पर विशेष ध्यान रहेगा। हर स्कूल में प्रधानाध्यापक हेल्प डेस्क बनाएंगे और एक नोडल शिक्षक नामित करेंगे। सर्वे टीम में शिक्षक, टोला सेवक, आंगनबाड़ी सेविका और विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य रहेंगे। सर्वे के बाद सूची समिति की आमसभा में रखी जाएगी और प्रत्येक चिह्नित बच्चे की स्थिति पर चर्चा होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।