मां सीता की भाषा में अब पढ़ेंगे बिहार के बच्चे, सीएम सम्राट चौधरी की पहल से पहली से छठी तक मैथिली में होगी पढ़ाई
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के स्कूलों में पहली से छठी कक्षा तक मैथिली भाषा में पढ़ाई शुरू करने का निर्देश दिया है। यह पहल बच्चों को अपनी मातृभाषा में बेहतर सीखने, सांस्कृतिक जुड़ाव बढ़ाने और बौद्धिक विकास में मदद करेगी, जिसका अभिभावकों और शिक्षाविदों ने स्वागत किया है।
-1795859462995_m.webp)
डिजिटल डेस्क, दरभंगा/समस्तीपुर/सुपौल। बच्चा जब पहली बार स्कूल की दहलीज पर कदम रखता है, तो किताबों की अनजान भाषा कई बार उसके मन में डर पैदा कर देती है। लेकिन अगर वही पढ़ाई उसकी अपनी मातृभाषा में हो, जिसे वह घर-आंगन में रोज सुनता और बोलता है, तो सीखना किसी खेल जैसा आसान हो जाता है। बिहार के मिथिलांचल के बच्चों के लिए अब यही बदलाव जमीन पर उतरने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के स्कूलों में पहली से छठी कक्षा तक मैथिली भाषा में पढ़ाई शुरू करने का बड़ा निर्देश दिया है।
अपनी इस पहल के बारे में बताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "जिस भाषा को मां सीता बोलती थीं, बिहार के बच्चों को अब मैथिली में भी पढ़ाई शुरू करने का निर्देश हम लोगों ने दिया है। अभी पहली कक्षा से लेकर छठी कक्षा तक मैथिली में पढ़ाई शुरू करने का काम हमारी सरकार करेगी। इसके साथ ही मां सीता के नाम पर एक विश्वविद्यालय भी बनाया जाएगा, जो पूरे देश और दुनिया में जाना जाएगा।"
घर की भाषा में पढ़ने से बच्चों का डर होगा खत्म
इस फैसले को लेकर मिथिलांचल के अभिभावकों और युवाओं में जबरदस्त उत्साह है। दरभंगा की रहने वाली स्नेहा ने कहा कि शुरुआती कक्षाओं में मातृभाषा की भूमिका सबसे अहम होती है।
स्नेहा ने कहा, छोटे बच्चे घर में मैथिली बोलते हैं, लेकिन स्कूल जाते ही उन्हें दूसरी भाषा में सब कुछ समझना पड़ता है। अब जब पहली से छठी तक मैथिली में पढ़ाई होगी, तो बच्चों को विषय जल्दी समझ आएंगे। इससे न सिर्फ उनकी पढ़ाई की नींव मजबूत होगी, बल्कि अपनी संस्कृति और जड़ों से उनका जुड़ाव भी बना रहेगा।"
बच्चों की सोचने और समझने की क्षमता बढ़ेगी
सुपौल के रहने वाले रिटायर्ड अधिकारी और मैथिली भाषा के प्रसिद्ध लेखक अरुण कुमार झा इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक दूरगामी और ऐतिहासिक कदम मानते हैं।
अरुण कुमार झा ने कहा, "पूरी दुनिया के शिक्षाविद और नई शिक्षा नीति भी इस बात को मानती है कि प्राथमिक शिक्षा मातृभाषा में होने से बच्चों का मानसिक विकास सबसे बेहतर होता है। जब बच्चा अपनी मातृभाषा मैथिली में पढ़ेगा, तो वह रटने के बजाय चीजों को गहराई से समझेगा। यह निर्णय केवल एक भाषा को बढ़ावा देने का नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को बौद्धिक रूप से मजबूत बनाने की एक सराहनीय पहल है।"
अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी सराहा
समस्तीपुर के रहने वाले विकास रंजन ने कहा कि इस फैसले से गांव-कस्बों के बच्चों को सबसे ज्यादा फायदा होगा। वह कहते हैं, "कई बार भाषा की दिक्कत की वजह से होनहार बच्चे भी क्लास में सवाल पूछने से हिचकते हैं। मैथिली में पढ़ाई शुरू होने से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे खुलकर अपनी बात रख पाएंगे। सरकार का यह कदम वाकई काबिले-तारीफ है।"
वहीं, सुपौल के स्थानीय निवासी चंद्र नाथ झा खुशी जताते हुए कह, "मिथिला के लोगों की यह बहुत पुरानी मांग और सपना था। अपनी भाषा में शिक्षा मिलने से हमारे बच्चे न केवल पढ़ाई में आगे बढ़ेंगे, बल्कि मैथिली भाषा को भी एक नया सम्मान और भविष्य मिलेगा।"
दूसरे राज्यों में भी दिख चुका है मातृभाषा का कमाल
मातृभाषा में पढ़ाई का मॉडल देश के कई विकसित राज्यों में पहले से बेहद सफल रहा है। महाराष्ट्र में मराठी, गुजरात में गुजराती, पश्चिम बंगाल में बांग्ला और तमिलनाडु में तमिल भाषा में प्राथमिक शिक्षा दी जाती है। इन राज्यों का अनुभव बताता है कि अपनी भाषा में शुरुआती पढ़ाई करने वाले बच्चे आगे चलकर विज्ञान, गणित और अन्य भाषाओं को भी ज्यादा आसानी से सीख लेते हैं।
बिहार में पहली से छठी कक्षा तक मैथिली में पढ़ाई की यह शुरुआत सिर्फ किताबों की भाषा बदलने की बात नहीं है, बल्कि यह बच्चों के सीखने के रास्ते को आसान बनाने और मिथिला की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की एक मजबूत कड़ी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।