यूपी के पिकअप मालिक की गोली मारकर हत्या, सोनभद्र से मिर्च लेकर सहरसा जा रहा था
समस्तीपुर में मिर्च लदी पिकअप के चालक अविनाश कुमार मौर्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस लूटपाट या पैसों के विवाद के एंगल से जांच कर रही है।
HighLights
समस्तीपुर में पिकअप चालक अविनाश कुमार मौर्य की हत्या।
मिर्च लदी पिकअप में मिला शव, गोली मारकर हत्या।
पुलिस लूटपाट या पैसों के विवाद की जांच कर रही।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। Samastipur Pickup Driver Murder: समस्तीपुर के विभूतिपुर-रोसड़ा मार्ग पर बूढ़ी गंडक नदी पुल के समीप अपराधियों ने मिर्च लदे पिकअप के मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के चंदौली थाना क्षेत्र स्थित खगवाला गांव निवासी 25 वर्षीय अविनाश कुमार मौर्य उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। वह हरी मिर्च लदा पिकअप लेकर सहरसा जा रहा था।
पिकअप में मिला शव
गुरुवार रात हुई इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शुक्रवार सुबह सड़क किनारे खड़े पिकअप में शव मिलने के बाद घटना की जानकारी हुई। युवक के पंजरे में गोली लगी थी और वह खुद ही पिकअप चला रहा था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह कुछ लोग टहलने निकले तो सड़क किनारे पिकअप खड़ा देखा। गाड़ी के भीतर युवक का शव पड़ा था। जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। आवश्यक कार्रवाई के बाद पिकअप को सड़क से किनारे कराया गया। डीएसपी संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि अविनाश हरी मिर्च लदा पिकअप लेकर सहरसा जा रहा था और वह गाड़ी का मालिक भी था।
पुलिस के अनुसार, विभूतिपुर-रोसड़ा मार्ग पर बूढ़ी गंडक नदी पुल के समीप उसकी गोली मारकर हत्या की गई। हालांकि, वारदात किस समय और किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटनास्थल पर पिकअप में मिर्च लदी होने और चालक का शव मिलने से कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।
लूटपाट समेत कई बिंदु
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के दौरान विरोध करने पर अपराधियों ने चालक को गोली मार दी होगी। रुपये के लेन-देन के विवाद की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों और अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस घटना की कड़ियों को जोड़ने के प्रयास में जुटी है।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरपुर में ऑनर किलिंग के शक पर डेढ़ महीने बाद खोदी जमीन, मिला युवती का कंकाल
