मुजफ्फरपुर में ऑनर किलिंग के शक पर डेढ़ महीने बाद खोदी जमीन, मिला युवती का कंकाल
Muzaffarpur Honor Killing Case : मुजफ्फरपुर के कटरा थाना क्षेत्र में आनर किलिंग की आशंका पर पुलिस ने डेढ़ महीने ...और पढ़ें
-1792067823111_m.webp)
Woman Skeleton Recovered : घटना स्थल पर खोदाई में जुटी टीम।
HighLights
आनर किलिंग की आशंका पर शव निकाला गया।
डेढ़ महीने पहले दफनाया गया था युवती का शव।
पुलिस ने मां समेत चार लोगों को हिरासत में लिया।
संवाद सहयोगी, कटरा (मुजफ्फरपुर)। यजुआर थाना क्षेत्र में आनर किलिंग की आशंका पर डेढ़ महीने पूर्व दफनाए गए युवती के शव को पुलिस ने जमीन खोद कर निकाला।
शव कंकाल में बदल चुका था। मशक्कत के बाद 10 घंटे की खोदाई के बाद अवशेष बरामद हुए। थानाध्यक्ष रौशन कुमार मिश्रा ने बताया कि 30 अगस्त से युवती लापता थी। उसके स्वजन घर में ताला बंद कर फरार हो गए थे।
गांव के बगीचे में शव दफनाए जाने की खबर मिलने के बाद ग्रामीणों को इस पर संदेह हुआ। इसकी शिकायत के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की।
इस बीच युवती के स्वजन के घर आने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दबिश बढ़ाई और ग्रामीणों की निशानदेही पर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। मृत युवती की मां की निशानदेही पर शव का अवशेष बरामद किया गया।
बताया जाता है कि युवती रामपुर के एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी। चर्चा है कि एक शिक्षक के साथ उसका प्रेम संबंध था। युवती के स्वजन इसका विरोध कर रहे थे। युवती के स्वजन का कहना है कि रास्ता बदलने का दबाव बनाया तो उसने आत्महत्या कर ली।
इसके बाद लोक-लाज के डर से शव को चुपके से दफना दिया गया, लेकिन ग्रामीणों के बीच यह बात हजम नहीं हो रही है। गांव के लोग युवती को सुशील और आज्ञाकारी बता रहे हैं।
शव बरामदगी में पुलिस को लगे 10 घंटे
शव को जहां जमीन में गाड़ा गया था, वहां बगीचा है। उसमें बाढ़ और बरसात का पानी लगा है। शव दफनाने वाली जगह पर आम का पौधा लगाया गया था। चारों तरफ पानी भरा था। जमीन की खोदाई के लिए पानी की निकासी में 10 घंटे लगे।
पुलिस के अनुसार शव बरामद करने के बाद जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि एफएसएल जांच के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। इसके साथ ही आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल मृत युवती की मां, बहन और दो युवकों को हिरासत में लिया गया है।
