मोहनपुर, संवाद सहयोगी: मोहनपुर प्रखंड क्षेत्र के दशहरा पंचायत के तेलगामा गांव में बैलून लगा एक संयंत्र गिरा देखकर लोगों दहशत में आ गए। रविवार की सुबह जब शिक्षक रामविवेक राय अपने खेत देखने गये तो उन्होंने बैलून लगा एक संयंत्र गिरा हुआ देखा। 

इसके बाद जब इलाके में बैलून लगे ड्रोन गिरने की सूचना फैली तो फिर लोगों का हुजूम उसे देखने के लिए जुट गया। लोग उसे देखकर भयभीत भी हो रहे थे। संयंत्र का बैलून फट जाने से वह गिर गया था। फटे बैलून स्पष्ट रूप से दिख रहे थे। 

हाईटेक था गिरने वाला संयंत्र 

इस संयंत्र का आकार भले ही छोटा था, पर वह सोलर पैनल और कैमरे से लैस था। समाजसेवियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस आनन- फानन में उक्त स्थल पर पहुंचकर उसे अपने कब्जे में लिया। 

लोगों में इस बात की चर्चा होती रही कि कहीं यह गुप्त जानकारी के लिए किसी पड़ोसी देश ने तो नहीं छोड़ा है। वहीं, कुछ लोग इसे मौसम विभाग का संयंत्र बता रहे थे। 

पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मामले में लिया संंज्ञान

ओपी अध्यक्ष नन्द किशोर यादव ने बताया कि संयंत्र के संबंध में प्रशासनिक पदाधिकारियों को जानकारी दी गई। बताया गया कि यह मौसम संबंधित सूचना एकत्र करने वाला संयंत्र है। यह कोरिया निर्मित था।

सदर डीएसपी ओम प्रकाश अरूण ने बताया कि यह संयत्र मौसम विभाग का लग रहा है। इसकी जांच के लिए वरीय अधिकारियों को लिखा गया है।

कहते हैं मौसम विज्ञानी 

मोहनपुर के खेत में गिरे संयंत्र के बारे में मौसम विज्ञानी डॉ ए. सत्तार ने बताया कि उन्‍होंने गिरे हुए संयंत्र की तस्वीर देखी है। इसे रेडियो सौंडी बोलते हैं। यह गुब्बारे के सहारे वायुमंडल में उड़ता रहता है। यह तापमान, आर्द्रता, हवा की गति, हवा का दबाव और दिशा का ज्ञान देता है। जब संयंत्र का काम समाप्त हो जाता है तो यह अपने आप गिर जाता है। गिरा हुआ संयंत्र अब कोई काम का नहीं है।

Edited By: Prateek Jain