बिहार में आशा कार्यकर्ताओं की बल्ले-बल्ले, सरकार हर महीने देगी ₹1000 की प्रोत्साहन राशि
राज्य में ग्रामीण आयुष सेवाओं को मजबूत करने के लिए आशा कार्यकर्ताओं को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से जोड़ा जाएगा। उन्हें ...और पढ़ें

बिहार में आशा कार्यकर्ताओं की बल्ले-बल्ले, सरकार हर महीने देगी ₹1000 की प्रोत्साहन राशि (AI Generated Image)
HighLights
आशा कार्यकर्ता ग्रामीण आयुष सेवाओं में सहयोग करेंगी।
उन्हें प्रति माह 1,000 रुपये अतिरिक्त प्रोत्साहन मिलेगा।
समस्तीपुर के नौ आरोग्य मंदिर योजना में शामिल।
प्रकाश कुमार, समस्तीपुर। राज्य में ग्रामीण स्तर पर आयुष चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने के लिए अब आशा की भी मदद ली जाएगी। राज्य के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (आयुष) से आशा को जोड़ा जाएगा।
वे अपने नियमित दायित्वों के अतिरिक्त आयुष विभाग की ओर से निर्धारित गतिविधियों में भी सहयोग करेंगी। इसके एवज में उन्हें प्रत्येक माह 1,000 रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके तहत राज्य के कुल 294 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रति केंद्र अधिकतम पांच आशा को टैग किया जाएगा।
इस व्यवस्था में समस्तीपुर जिले के नौ आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को शामिल किया गया है। इनमें समस्तीपुर सदर स्थित जिला संयुक्त डिस्पेंसरी और राजकीय आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी, मोरवा प्रखंड की राजकीय यूनानी डिस्पेंसरी सातनपुर, ताजपुर की राजकीय होमियोपैथिक डिस्पेंसरी कोठिया, कल्याणपुर की राजकीय यूनानी डिस्पेंसरी, सरायरंजन की राजकीय आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी मुसापुर, विभूतिपुर के स्वास्थ्य उपकेंद्र गंगौली, पूसा के स्वास्थ्य उपकेंद्र गंगापुर तथा शिवाजीनगर के स्वास्थ्य उपकेंद्र बंधार शामिल हैं।
राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार की ओर से सभी सिविल सर्जन और जिला कार्यक्रम प्रबंधकों को पत्र जारी किया गया है। आशा को आयुष चिकित्सा सेवाओं के तहत जरूरतमंद मरीजों की पहचान कर उन्हें संबंधित केंद्रों पर रेफर करने और उपचार के बाद उनका फालोअप करने का दायित्व भी सौंपा गया है।
योग सत्रों में भागीदारी बढ़ाने पर रहेगा जोर
आशा जरूरतमंद मरीजों की पहचान कर उन्हें संबंधित केंद्रों पर रेफर करेंगी और उपचार के बाद फालोअप में सहयोग देंगी। वे ग्रामीणों को केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने के साथ नियमित योगाभ्यास, संतुलित खानपान, बेहतर जीवनशैली और स्वस्थ व्यवहार के प्रति जागरूक करेंगी। केंद्रों पर होने वाले योग सत्रों में भागीदारी बढ़ाने के लिए भी प्रेरित करेंगी।
सीएचओ और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी करेंगे समन्वय
आशा को केंद्रों से जोड़ने के काम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहयोग करेंगे। जिला स्तर पर आवश्यक समन्वय और कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले के चिह्नित नौ आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से आशा को जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। संबंधित सीएचओ और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक समन्वय स्थापित करने को कहा जाएगा। आशा के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष चिकित्सा सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। - डॉ. राजीव कुमार, सिविल सर्जन, समस्तीपुर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।