समस्तीपुर में साइबर अपराधियों का बड़ा कारनामा, खुद को कार डीलर बताकर बैंक मैनेजर से ठगे 14.94 लाख रुपये
समस्तीपुर में साइबर अपराधियों ने खुद को कार डीलर बताकर बैंक ऑफ इंडिया के प्रबंधक अनिल सिन्हा से 14.94 लाख रुपये की ठगी की।

समस्तीपुर में साइबर अपराधियों का बड़ा कारनामा
HighLights
बैंक प्रबंधक को फर्जी ग्राहक बताकर ठगा गया।
साइबर अपराधियों ने 14.94 लाख रुपये की धोखाधड़ी की।
मामले में प्राथमिकी दर्ज, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, समस्तीपुर। साइबर फ्रॉड के एक नए मामले में एक बैंक प्रबंधक को ठगी का शिकार होना पड़ा। अपराधियों ने उन्हें असली ग्राहक बताकर दो फर्जी ट्रांजेक्शन कराए। जब प्रबंधक को इस गलत लेन-देन की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत कार्रवाई की और साइबर थाना पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस को मामले की शिकायत दी।
हरपुर एलौथ स्थित बैंक आफ इंडिया के ब्रांच के प्रबंधक अनिल सिन्हा को साइबर अपराधियों ने फोन कर खुद को सही ग्राहक बताया। इसके बाद, उन्होंने वाट्सएप पर दो ट्रांजेक्शन वाउचर भेजकर राशि ट्रांसफर करने का अनुरोध किया। प्रबंधक ने आवश्यक जांच के बाद राशि ट्रांसफर कर दी। जब असली ग्राहक को इस बात का पता चला, तब उसने प्रबंधक से संपर्क किया, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।
मारूति कंपनी के डीलर का था अकाउंट
साइबर अपराधियों ने मेसर्स रामकृष्ण मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के विकास अरोड़ा के नाम का उपयोग किया। वाट्सएप प्रोफाइल में उनकी फोटो थी। बदमाश ने बताया कि ट्रांजेक्शन डीलर के अकाउंट से किया गया है।
उन्होंने दो वाउचर भेजे, जिसमें एक वाउचर के जरिए 4.95 लाख की राशि बैंक ऑफ बड़ौदा और दूसरा 9.99 लाख की राशि फेडरल बैंक में भेजने की बात कही। प्रबंधक ने हस्ताक्षर का मिलान कर ट्रांजेक्शन कर दिया
पैसा कटने का मैसेज मिलते ही आया असली ग्राहक का फोन
जब पैसे ट्रांसफर होने का मैसेज आया, तब असली ग्राहक ने प्रबंधक को फोन किया, जिससे पूरे मामले का पर्दाफाश हुआ। लेकिन तब तक पैसे फ्राड के अकाउंट में पहुंच चुके थे। असली ग्राहक ने प्रबंधक को कोई ट्रांजेक्शन नहीं करने की सलाह दी, लेकिन जब प्रबंधक ने ठगों को फोन किया, तो उनका फोन बंद हो गया। साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक ने बताया कि पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और जांच जारी है।
दलसिंहसराय की महिला से ठगे 3.99 लाख
दलसिंहसराय की एक महिला के खाते से बदमाशों ने यूपीआई के जरिए 3.99 लाख से अधिक की निकासी अलग-अलग तिथियों में की। पीड़िता दलसिंहसराय थाना के वार्ड 15 मनोहर टोला निवासी राजीव कुमार सिंह की पत्नी कल्पना सिन्हा ने पुलिस से शिकायत दर्ज की है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
