छात्रा ने रोते हुए बतायी शिक्षक की करतूत, आक्रोशित लोगों ने पंचायत में दी सजा
बिहार के समस्तीपुर जिले में शिक्षक द्वारा एक छात्रा से छेड़छाड़ की घटना से लोग आक्रोशित हो गए। शिक्षक को 100 बार उठक-बैठक करवायी और एक लाख का जुर्माना भी लगाया।
समस्तीपुर [जेएनएन]। बिहार के समस्तीपुर जिल के बिथाना थाना क्षेत्र में एक शिक्षक की अश्लील हरकत से लोगों में आक्रोश है। शिक्षक ने गुरू-शिष्य के रिश्ते को तार-तार कर दिया है। उसने एक छात्रा के साथ छेड़खानी की, जिससे बाद लोगों ने उससे उठक-बैठक करवायी और एक लाख का जुर्माना लगाया। इस बाबत थाने में कोई मामला शनिवार को भी दर्ज नहीं हुआ। हालांकि, रोसड़ा डीएसपी अजीत कुमार ने कहा कि इसकी जांच कराई जाएगी।
बताया गया कि चार दिन पूर्व छठी की एक छात्रा से उक्त शिक्षक ने छेड़छाड़ की। सूचना के बाद शुक्रवार को ग्रामीणों ने पंचायत बुलाई। इसमें आरोपित शिक्षक पर एक लाख का जुर्माना ठोका गया। इसके बाद सौ बार उठक-बैठक कराई गई। इसका वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की शिक्षक की हरकत की जानकारी मिली।
आरोपित शिक्षक छात्रा का पड़ोसी है। वह उसे स्कूल में पढ़ाता भी था। चार दिन पूर्व छात्रा किसी काम से बांध की ओर जा रही थी। इसी दौरान शिक्षक ने उसे पकड़ा और अपने घर में ले जाने का प्रयास किया।
छात्रा किसी तरह वहां से भाग निकली और परिजनों को सूचना दी। आसपास के लोगों को पता चला तो पंचायत बुलाई गई। इसमें आर्थिक व शारीरिक दंड दिया गया। स्कूल के एचएम ने बताया कि घटना के दौरान छुट्टी थी। हालांकि, बाद में पंचायत के फैसले की जानकारी मिली।