विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

समस्तीपुर के मेडिकल कॉलेज में पहला दाखिला, बेटे का सपना पूरा होते देख छलकी पिता की आंखें

Published: Fri, 18 Sep 2026 05:49 PM (IST)

सरायरंजन के श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज में नए सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। सीतामढ़ी के ...और पढ़ें

सीतामढ़ी जिले के परिहार प्रखंड निवासी उज्जवल कुमार झा का दाखिला हुआ, किया गया सम्मानित।

सीतामढ़ी जिले के परिहार प्रखंड निवासी उज्जवल कुमार झा का दाखिला हुआ, किया गया सम्मानित।

HighLights

  1. श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज में नए सत्र का नामांकन शुरू।

  2. उज्जवल कुमार झा ने केंद्रीय कोटे से पहला दाखिला लिया।

  3. एमबीबीएस की 50 सीटों पर होगा दाखिला, सत्यापन जारी।

संवाद सहयोगी, सरायरंजन (समस्तीपुर)। नरघोघी स्थित श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को नए शैक्षणिक सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई।

कॉलेज में पहले छात्र के रूप में केंद्रीय कोटे से सीतामढ़ी जिले के परिहार प्रखंड निवासी उज्जवल कुमार झा का दाखिला हुआ। बेटे के मेडिकल कॉलेज में प्रवेश लेते ही पिता की आंखें खुशी से नम हो गईं। कॉलेज प्रशासन ने पहले नामांकित छात्र को सम्मानित भी किया।

50 सीटों पर होगा दाखिला

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) एसके कर्ण ने बताया कि विभाग की ओर से इस सत्र में एमबीबीएस के लिए कुल 50 सीटें आवंटित की गई हैं। इनमें 15 प्रतिशत सीटें केंद्रीय कोटे के तहत निर्धारित हैं, जबकि 85 प्रतिशत सीटों पर राज्य कोटे से नामांकन होगा। केंद्रीय कोटे से ही उज्जवल कुमार झा का प्रथम छात्र के रूप में नामांकन हुआ है।

दूसरे चरण का सत्यापन जारी

नामांकन प्रक्रिया के दूसरे चरण के लिए ऑनलाइन दस्तावेज सत्यापन का कार्य जारी है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की तैयारी है। नामांकन पूरा होने के बाद मेडिकल छात्रों के लिए पठन-पाठन की व्यवस्था शीघ्र शुरू की जाएगी।

बेटे का दाखिला देख भावुक हुए पिता

उज्जवल के पिता रूपेश कुमार झा दिल्ली में रहकर टेलर्स का काम करते हैं। बेटे का मेडिकल कॉलेज में दाखिला होने पर वह भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि बेटे की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है।

मौके पर भाजपा नेता जयकृष्ण झा, पूर्व अस्पताल अधीक्षक डॉ. जीसी कर्ण, डॉ. शशिकांत कुमार, डॉ. सुशांत कुमार, डॉ. जीना आलम, डॉ. कंचन कुमारी, डॉ. सितेश कुमार कर्ण और निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर गौरव कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- बिहार के छात्रों के लिए खुशखबरी, B.Ed. की खाली सीटों पर सीधा एडमिशन, 18 को खुलेगा पोर्टल