विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार के छात्रों के लिए खुशखबरी, B.Ed. की खाली सीटों पर सीधा एडमिशन, 18 को खुलेगा पोर्टल

By Prashant KumarEdited By: Dharmendra Singh
Published: Thu, 17 Sep 2026 07:05 PM (IST)

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने राज्य स्तरीय बीएड (CET-B.Ed. एवं शिक्षा शास्त्री) 2026 की बची हुई सीटों पर सीधे नामांकन के लिए अधिसूचना जारी की है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। बीएड में नामांकन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण मौका है। राज्य स्तरीय बीएड (CET-B.Ed. एवं शिक्षा शास्त्री) 2026 की बची हुई सीटों पर अब सीधे नामांकन का रास्ता खुल गया है।

बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने इंस्टेंट ऑनलाइन एडमिशन राउंड की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत रिक्त सीटों पर नामांकन First Come, First Served के आधार पर होगा। पोर्टल 18 सितंबर को ठीक सुबह 11 बजे खुलेगा और 22 सितंबर की शाम सात बजे तक प्रक्रिया चलेगी।

पहले आएं, पहले सीट पाएं

इस विशेष चरण में केवल वही अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे, जिन्होंने पहले काउंसलिंग के लिए सफलतापूर्वक पंजीकरण कराया था। काउंसलिंग पोर्टल पर उपलब्ध कॉलेजों और विषयों की रिक्त सीटें ड्रॉप-डाउन बॉक्स में दिखाई जाएंगी। अभ्यर्थी अपनी पसंद की सीट का चयन कर सकेंगे।

15 मिनट में करना होगा भुगतान

सीट चुनने के बाद अभ्यर्थी को 15 मिनट के भीतर 3,000 रुपये का गैर-वापसी योग्य सीट आरक्षण शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। जो अभ्यर्थी पहले भुगतान की प्रक्रिया पूरी करेगा, सीट उसके नाम आरक्षित हो जाएगी। तय समय में भुगतान नहीं होने पर चयनित सीट स्वत: रद्द होकर दूसरे अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध हो जाएगी।

भुगतान के बाद तुरंत मिलेगा अलॉटमेंट

आरक्षण शुल्क का सफल भुगतान होते ही सिस्टम से अलॉटमेंट लेटर तुरंत जनरेट होगा। इसकी सूचना अभ्यर्थी के पंजीकृत ईमेल पर भी भेजी जाएगी। इसके बाद आवंटित कॉलेज में जाकर मूल प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराना होगा। साथ ही शेष नामांकन शुल्क जमा करना होगा। पहले जमा किए गए 3,000 रुपये के आरक्षण शुल्क को इसी शुल्क में समायोजित कर दिया जाएगा।

सीट बदलने का नहीं मिलेगा मौका

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सीट आवंटित होने और आरक्षण शुल्क जमा होने के बाद अलॉटमेंट अंतिम माना जाएगा। इसके बाद कॉलेज बदलने या दूसरी सीट का दावा करने की अनुमति नहीं होगी। इसलिए सीट चुनते समय अभ्यर्थियों को विशेष सावधानी बरतनी होगी।

तकनीकी दिक्कत की जिम्मेदारी नहीं

विश्वविद्यालय ने सर्वर, इंटरनेट या पेमेंट गेटवे में तकनीकी समस्या होने पर जिम्मेदारी लेने से इनकार किया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते प्रक्रिया पूरी करें। भुगतान सफल होने के बाद उसका विवरण सुरक्षित रखना भी जरूरी होगा।