लॉकडाउन उल्लंघन में 26 प्राथमिकी, 40 लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
लॉकडाउन-2 का पालन कराने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैदी से काम में लगा है। लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकले इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। लॉकडाउन का पालन करते हुए फिजिकल डिस्टेंस व एहतियात बरतने की अपील की जा रही है।
समस्तीपुर । लॉकडाउन-2 का पालन कराने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैदी से काम में लगा है। लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकले, इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। लॉकडाउन का पालन करते हुए फिजिकल डिस्टेंस व एहतियात बरतने की अपील की जा रही है। बिना अनुमति वाहनों का परिचालन भी पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा वाहनों का परिचालन कर लॉकडाउन का उल्लंघन किया जा रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम द्वारा लगातार कार्रवाई भी जा रही है। लॉकडाउन को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। हर चौक चौराहों पर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। आने-जाने वालों से पूछताछ की जा रही है। बिना अनुमति वाहनों के परिचालन पर चालकों को जुर्माना किया जा रहा है। इस दौरान कई वाहन भी जब्त किए गए हैं। जिले के विभिन्न थानों में अबतक लॉकडाउन उल्लंघन मामले को लेकर 26 प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें 40 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साढ़े तीन हजार बाइक जब्त करते हुए सम्मन की राशि 35 लाख रुपये जुर्माना वसूल की गई। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि लॉकडाउन को प्रभावी बनाने के लिए लगातार अभियान चलाकर वाहनों की जांच की जा रही है। बिना अनुमति वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध है। लोगों को घरों में रहने की अपील की जा रही है। उन्होंने कहा कि आवश्यक काम हो तभी घरों से बाहर निकलें। ताकि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि सीमावर्ती जिलों में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जिले की सीमा को पूरी तरह सील कर दी गई है। सीमावर्ती जिलों के निकट एनएच व मुख्य मार्गो पर बैरिकेडिंग की गई है। दंडाधिकारी व पुलिस बल तैनात हैं। ताकि, दूसरे जिले से आवाजाही को रोक सकें।