सहरसा में पटरी पर बैठे दो युवकों की ट्रेन से कटकर मौत, परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराया अंतिम संस्कार
सहरसा-सुपौल रेलखंड पर नंदलाली गांव के पास ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। परिजनों ...और पढ़ें

दो युवकों की ट्रेन से कटकर मौत (एआई जेनरेटेड तस्वीर)
HighLights
सहरसा में ट्रेन की चपेट में आए दो युवक।
नंदलाली गांव के दिलखुश और सोनू की मौत।
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया इनकार, अंतिम संस्कार।
संवाद सूत्र, सत्तरकटैया (सहरसा)। सहरसा-सुपौल रेलखंड पर नंदलाली गांव के समीप शनिवार अहले सुबह ट्रेन की चपेट में आने से दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान नंदलाली निवासी भावेश यादव के पुत्र दिलखुश कुमार और अनिल मालाकार के पुत्र सोनू कुमार के रुप में हुई है। एक ही गांव के दो युवकों की असामयिक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, मृतकों के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवक रेलवे पटरी पर बैठे हुए थे। इसी दौरान सुपौल की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं, सूचना मिलने पर बिहरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
बिना पोस्टमार्टम कराए ही अंतिम संस्कार
पुलिस की ओर से दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की बात कही गई, लेकिन मृतकों के स्वजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही दोनों शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। दोनों युवकों की एक साथ हुई मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिन घरों में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सत्यार्थी ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से नंदलाली गांव के दो युवक की मौत हो गई। मृतक स्वजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। जिसके बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।
