सहरसा में निर्माणाधीन पुल बना मौत का रास्ता, साइकिल सवार की गई जान
सहरसा के सिमरीबख्तियारपुर में एनएच 107 पर निर्माणाधीन पुल में गिरने से एक साइकिल सवार की दर्दनाक मौत हो गई। ...और पढ़ें
-1786780794520_m.webp)
साइकल सवार की मौत के भीड़। फोटो जागरण
HighLights
सहरसा में निर्माणाधीन पुल में गिरकर साइकिल सवार की मौत।
दिनेश सिंह पूजा कर लौटते समय अंधेरे में पुल में गिरे।
स्थानीय लोगों ने निर्माणाधीन पुल की सुरक्षा पर सवाल उठाए।
संवाद सूत्र, सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा)। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सोनवर्षाराज-सिमरी बख्तियारपुर एनएच 107 पर टेंगराहा मोड़ के समीप शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में साइकिल सवार 53 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक निर्माणाधीन पुल में जा गिरा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे की जानकारी राहगीरों की नजर पुल में गिरे साइकिल सवार पर पड़ने के बाद हुई। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बख्तियारपुर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष जनशंकर कुमार पुलिस पदाधिकारी एवं बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान की।
मृतक की पहचान खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र के इटहरी बासा, कंजरी गांव के वार्ड संख्या सात निवासी सुरेश प्रसाद सिंह के 53 वर्षीय पुत्र दिनेश सिंह के रूप में हुई।
कारू बाबा स्थान से पूजा कर लौट रहे थे घर
बताया जाता है कि दिनेश सिंह कारू बाबा स्थान पर पूजा-अर्चना करने गए थे। पूजा के बाद वह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रात में अंधेरा होने के कारण निर्माणाधीन पुल का रास्ता उन्हें दिखाई नहीं दिया।
आशंका है कि इसी वजह से वह साइकिल समेत निर्माणाधीन पुल में जा गिरे। पुल में गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
स्वजनों के पहुंचते ही मची चीख-पुकार
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के स्वजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। जैसे ही स्वजनों ने दिनेश सिंह का शव देखा, वहां चीख-पुकार मच गई। स्वजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। आसपास मौजूद लोगों ने स्वजनों को संभालने का प्रयास किया।
पुलिस ने शव का कराया पोस्टमार्टम
घटना के बाद बख्तियारपुर पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने घटना को लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद निर्माणाधीन पुल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और रात के समय आवागमन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माणाधीन पुल के पास पर्याप्त सुरक्षा संकेतक, बैरिकेडिंग और प्रकाश की व्यवस्था नहीं होने से रात में राहगीरों के लिए खतरा बना रहता है।
यह भी पढ़ें- पटना में ज्वेलरी शॉप मालिक को मारी गोली, पत्नी ने बदमाश से लिया मोर्चा; पिस्टल छोड़ भागा अपराधीौ
