पटना में ज्वेलरी शॉप मालिक को मारी गोली, पत्नी ने बदमाश से लिया मोर्चा; पिस्टल छोड़ भागा अपराधीौ
पटना के कंकड़बाग में आंचल अलंकार ज्वेलर्स के मालिक दीपक कुमार को लूटपाट का विरोध करने पर गोली मार दी ...और पढ़ें
HighLights
कंकड़बाग में ज्वेलरी दुकान मालिक को गोली मारी गई।
लूटपाट का विरोध करने पर अपराधी ने हमला किया।
दीपक कुमार गंभीर घायल, निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती।
जागरण संवाददाता, पटना। कंकड़बाग थाना क्षेत्र के पाॅश इलाके में अपराधियों ने लूटपाट का विरोध करने पर ज्वेलरी शाॅप के मालिक को गोली मार दी।
इस वारदात में आंचल अलंकार ज्वेलर्स' के मालिक दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके पेट में गोली लगी है। उन्हें निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी 1 सदर मनोज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बताया कि घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद की गई है। आरोपितों की पहचान की जा रही है।
दुकान के पिछले दरवाजे से घुसा अपराधी
घटना शुक्रवार रात करीब 9 बजे की है। दीपक कुमार अपनी दुकान के आगे का शटर आधा गिराकर अंदर बैठे थे, जबकि दुकान का पिछला दरवाजा खुला हुआ था।
इसी का फायदा उठाकर एक अपराधी पैदल ही हाथ में पिस्टल लेकर पिछले रास्ते से चुपचाप दुकान के अंदर घुसने लगा।
गनीमत यह रही कि दीपक की पत्नी की नजर तुरंत उस हथियारबंद बदमाश पर पड़ गई। बिना डरे उन्होंने विरोध किया और उससे भिड़ गईं।
हाथापाई के दौरान बदमाश ने चला दी गोली
इसके बाद दीपक कुमार भी अपनी पत्नी की मदद के लिए आगे आए और दोनों ने मिलकर बदमाश का मुकाबला किया। इसी दौरान अपराधी ने फायरिंग कर दी, जिससे गोली सीधे दीपक के पेट में जा लगी।
वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। वहीं अपराधी अपनी पिस्टल वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
दीपक को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
