सहरसा पुलिस और पटना एसटीएफ ने BOSS को किया अरेस्ट, 25 हजार रुपये का था इनाम
सहरसा पुलिस और पटना एसटीएफ ने 25 हजार के इनामी कुख्यात बदमाश बादल साह उर्फ बॉस को पटना से गिरफ्तार ...और पढ़ें

एसटीएफ और सलखुआ पुलिस के हत्थे चढ़ा 25 हजार का इनामी बदमाश

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सलखुआ (सहरसा)। सहरसा पुलिस (Saharsa Police) और पटना एसटीएफ (Patna STF) की संयुक्त टीम ने अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी कुख्यात बदमाश को पटना से धर दबोचा है। गिरफ्तार बदमाश अंतर-जिला गिरोह का सरगना है।
उस पर सलखुआ के एक व्यवसायी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने सहित हत्या व लूट के कई संगीन मामले दर्ज हैं। सोमवार को बख्तियारपुर थाने में एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने प्रेस वार्ता कर इस गिरफ्तारी के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की।
व्यवसायी से मांगी थी रंगदारी, घोषित था इनाम
एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि सलखुआ थाना क्षेत्र के गोरियारी निवासी व्यवसायी श्यामल यादव से 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी।
इस संदर्भ में सलखुआ थाने में कांड दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए सहरसा पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पटना में छिपे होने की मिली थी सूचना
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को अपने सूचना तंत्र से भनक लगी थी कि इनामी बदमाश बादल साह उर्फ बॉस पटना में छिपा हुआ है और वहां उसकी गतिविधि देखी जा रही है। बादल मूल रूप से बेगूसराय जिले के लोहियानगर थाना अंतर्गत एक गांव का निवासी है।
सूचना के सत्यापन के बाद सहरसा पुलिस ने पटना एसटीएफ से संपर्क साधा। इसके बाद रविवार देर रात पटना जिले के शास्त्री नगर थाना क्षेत्र में संयुक्त रूप से घेराबंदी कर सटीक दबिश दी गई और कुख्यात को गिरफ्तार कर लिया गया।
कई थानों में दर्ज हैं हत्या व रंगदारी के मामले
गिरफ्तारी के बाद कुख्यात बादल साह को पटना से सलखुआ लाया गया। यहां पुलिस अधिकारियों द्वारा उससे आवश्यक पूछताछ की गई, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एक शातिर अपराधी है।
उसके खिलाफ सहरसा और बेगूसराय जिले के विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस इस गिरफ्तारी को इलाके में अपराध के खात्मे की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मान रही है।
