एक बार फिर देश के मानचित्र पर लौट सकता है सहरसा लोकसभा क्षेत्र, 50% सीटें बढ़ने की चर्चा से जगी उम्मीद
केंद्रीय कैबिनेट द्वारा लोकसभा सीटों में 50% वृद्धि के प्रावधान से सहरसा लोकसभा क्षेत्र के पुनर्जीवित होने की प्रबल संभावना है। वर्ष 2004 के बाद समाप्त हुए इस क्षेत्र की वापसी से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है, जिसकी अपनी एक विशिष्ट राजनीतिक पहचान रही है।

कोसी क्षेत्र की ऐतिहासिक सहरसा लोकसभा सीट
HighLights
केंद्रीय कैबिनेट ने 50% लोकसभा सीट बढ़ाने का प्रावधान किया।
सहरसा लोकसभा क्षेत्र का अस्तित्व 2004 के बाद समाप्त हो गया था।
सीट बढ़ोतरी से सहरसा की वापसी की उम्मीदें मजबूत हुईं।
संस, सहरसा। केंद्रीय कैबिनेट ने राज्यों में 50 प्रतिशत लोकसभा सीट बढ़ाने का प्रावधान किया है। इससे पहले कोसी क्षेत्र के सबसे पुराने लोकसभा क्षेत्रों में शामिल सहरसा का अस्तित्व वर्ष 2004 के बाद समाप्त हो गया था, लेकिन अब इसके पुनः अस्तित्व में आने की संभावना प्रबल हो गई है। भारतीय राजनीति में सहरसा लोकसभा क्षेत्र की अपनी विशिष्ट पहचान रही है।
वर्ष 1952 में पहली बार इस सीट से कांग्रेस के ललित नारायण मिश्र निर्वाचित हुए, जो 1973 से 1975 तक रेलमंत्री रहने वाले देश के दिग्गज नेता थे। वर्ष 1952 से 2004 तक इस लोकसभा क्षेत्र से कुल 15 सांसद निर्वाचित हुए।
1952 से 2004 तक का चुनावी सफर और दिग्गज चेहरे
इस क्षेत्र से 1952 और 1957 में ललित नारायण मिश्र तथा 1989 और 1991 में सूर्यनारायण यादव ने लगातार जीत हासिल कर संसद तक का सफर तय किया। वहीं, 1996 और 1999 में दिनेशचंद्र यादव निर्वाचित हुए, परंतु उनका लगातार दो बार जीतने का रिकॉर्ड नहीं बन सका, क्योंकि इस बीच 1998 के चुनाव में राजद के अनुपलाल यादव इस क्षेत्र के सांसद बने थे।
सहरसा लोकसभा क्षेत्र की अंतिम सांसद लोजपा की रंजीत रंजन बनीं। इसके बाद सहरसा जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों—सोनवर्षा, सहरसा और महिषी—को मधेपुरा लोकसभा क्षेत्र में तथा एक विधानसभा क्षेत्र सिमरीबख्तियारपुर को खगड़िया लोकसभा क्षेत्र में समाहित कर दिया गया।
50 प्रतिशत सीट बढ़ोतरी से जगी सहरसा की वापसी की उम्मीद
सहरसा लोकसभा क्षेत्र का अस्तित्व समाप्त होने के बाद से ही स्थानीय लोगों की ओर से इसे बहाल करने की मांग लगातार उठती रही है। अब जब केंद्रीय मंत्रिपरिषद ने 50 प्रतिशत सीटों की बढ़ोतरी का निर्णय लिया है, तो मतदाताओं की संख्या के आधार पर सहरसा लोकसभा क्षेत्र के पुनः अस्तित्व में आने की उम्मीदें मजबूत हो गई हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।