विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहरसा में भाजयुमो जिला महामंत्री अभिजीत राजपूत की घर में गोली मारकर हत्या; 5 लाख कैश, बुलेट और मोबाइल गायब

Published: Fri, 18 Sep 2026 11:20 PM (IST)

Saharsa BJYM District General Secretary Murder: सहरसा के गौतम नगर में भाजयुमो जिला महामंत्री अभिजीत सिंह राजपूत की घर में ...और पढ़ें

Saharsa BJYM District General Secretary Murder: सहरसा में भाजयुमो जिला महामंत्री की घर में गोली मारकर हत्या! 5 लाख कैश और बुलेट गायब, तकिए से ढका मिला शव

Saharsa BJYM District General Secretary Murder: सहरसा में भाजयुमो जिला महामंत्री की घर में गोली मारकर हत्या! 5 लाख कैश और बुलेट गायब, तकिए से ढका मिला शव

HighLights

  1. भाजयुमो जिला महामंत्री अभिजीत सिंह राजपूत की घर में हत्या।

  2. 5 लाख रुपये नकद, बुलेट और मोबाइल गायब पाए गए।

  3. हत्यारे करीबी होने का संदेह, कुत्तों को बंद किया गया।

जागरण संवाददाता, सहरसा। Saharsa BJYM District General Secretary Murder: सहरसा नगर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत गौतम नगर वार्ड नंबर 15 (बंफर चौक) में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला महामंत्री अभिजीत सिंह राजपूत उर्फ राजा (22) की अपराधियों ने उनके ही घर में सिर में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। हत्या के बाद अपराधी शव को बिछावन पर छोड़कर और चेहरे को तकिए से ढककर बाहर से कुंडी लगाकर फरार हो गए।

शुक्रवार सुबह जब घर से तेज दुर्गंध आने लगी और दोस्तों ने अंदर झांका, तब जाकर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया। सदर एसडीपीओ और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।

मृतक अभिजीत सिंह मूल रूप से सुपौल जिले के गढ़ बरुआरी गांव के निवासी स्व. हर्षवर्धन सिंह के पुत्र थे। उनके माता और पिता दोनों का पूर्व में ही निधन हो चुका है, जबकि छोटा भाई दिल्ली में रहकर पढ़ाई करता है। मार्च में जेल से बाहर आने के बाद अभिजीत सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय थे। बीते अगस्त माह में ही पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा उन्हें भाजयुमो के जिला महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

कुत्तों को कमरे में बंद कर सिर में मारी गोली, करीबी पर गहरा शक

अभिजीत गौतम नगर स्थित अपने मकान में अकेले रहते थे और उन्होंने सुरक्षा के लिए दो विदेशी नस्ल के कुत्ते पाल रखे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्यारे उनके बेहद करीबी और परिचित थे, जिन्हें कुत्तों की भी पहचान थी। अपराधियों ने पहले दोनों कुत्तों को सीढ़ी वाले कमरे में सुरक्षित बंद किया, ताकि वे भौंक न सकें।

इसके बाद कमरे में सो रहे अभिजीत के सिर के पिछले हिस्से में बाईं तरफ सटाकर गोली मार दी। हत्या को अंजाम देने के बाद हत्यारे मुख्य दरवाजे के बजाय घर की पिछली दीवार के पास कुर्सी लगाकर चहारदीवारी फांदकर अंधेरी गली के रास्ते फरार हो गए।

नई स्कार्पियो के लिए रखे 4-5 लाख रुपये, बुलेट और मोबाइल गायब

परिजनों और दोस्तों के अनुसार, अभिजीत विश्वकर्मा पूजा के दिन नई स्कार्पियो-एन गाड़ी की डिलीवरी लेने वाले थे और इसके लिए उन्होंने पहले से बुकिंग करा रखी थी। गाड़ी के डाउन पेमेंट के लिए उन्होंने रिश्तेदारों व परिचितों से जुटाकर कमरे में करीब 4 से 5 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी मोटी रकम की लालच में किसी परिचित ने गद्दारी करते हुए इस खूनी वारदात की साजिश रची। कमरे से नकद रुपये, अभिजीत का आईफोन और उनकी बुलेट मोटरसाइकिल भी गायब पाई गई है।

देर रात पार्टी से लौटे थे, गुरुवार को बजता रहा फोन

सदर एसडीपीओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जांच में पता चला है कि अभिजीत बुधवार रात करीब दो बजे तक सराही इलाके में अपने एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में शामिल थे। वहां से कुछ दोस्त उन्हें घर छोड़कर गए थे। देर रात घर पहुंचने पर उन्होंने मोबाइल से कुछ लोगों से बातचीत भी की थी और खाना मंगाने की बात भी सामने आ रही है। गुरुवार को दिनभर उनके मोबाइल पर दोस्तों के फोन आते रहे और घंटी बजती रही, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।

शुक्रवार सुबह जब बदबू आने पर दोस्त दीवार फांदकर अंदर गए, तो खिड़की से उनका शव बिछावन पर पड़ा दिखा। पुलिस ने एफएसएल की मदद से कमरे से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस हत्यारों तक पहुंचने के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और टावर डंप खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें- खगड़िया के होटल में दहकी दरभंगा की प्रेम कहानी; प्रे‍म‍िका ने शादी करने को कहा तो प्रेमी ने लगा दी आग, दोनों झुलसे