विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फेसबुक पोस्ट से उलझी सहरसा के भाजयुमो नेता की मर्डर मिस्ट्री! पटना से पकड़ाया खास दोस्त आर्यन, बुलेट पर भी उठे सवाल

Published: Sat, 19 Sep 2026 11:32 PM (IST)

Saharsa Abhijeet Singh Murder Case: भाजयुमो नेता अभिजीत सिंह राजपूत हत्याकांड में पुलिस ने उनके करीबी दोस्त आर्यन को पटना ...और पढ़ें

Saharsa Abhijeet Singh Murder Case: भाजयुमो नेता हत्याकांड में करीबी दोस्त आर्यन पटना से हिरासत में; बुलेट, गाड़ी के रुपये और फेसबुक पोस्ट से उलझी मर्डर मिस्ट्री

Saharsa Abhijeet Singh Murder Case: भाजयुमो नेता हत्याकांड में करीबी दोस्त आर्यन पटना से हिरासत में; बुलेट, गाड़ी के रुपये और फेसबुक पोस्ट से उलझी मर्डर मिस्ट्री

HighLights

  1. भाजयुमो नेता अभिजीत सिंह राजपूत की घर में घुसकर हत्या।

  2. करीबी दोस्त आर्यन पटना से हिरासत में, जांच जारी।

  3. हत्या के पीछे रुपयों की लूट या निजी रंजिश का शक।

जागरण संवाददाता, सहरसा। Saharsa Abhijeet Singh Murder Case: सदर थाना क्षेत्र के पॉश इलाके गौतम नगर बंफर चौक के समीप भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जिला महामंत्री अभिजीत सिंह राजपूत की घर में घुसकर सिर में गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। मामले के उद्भेदन में जुटी विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने अभिजीत के बेहद करीबी दोस्त आर्यन को केंद्र में रखकर जांच की दिशा आगे बढ़ाई और उसे पटना से हिरासत में ले लिया है।

हालांकि, तकनीकी साक्ष्यों के संकलन और पूछताछ प्रभावित न हो, इसके मद्देनजर पुलिस के आला अधिकारी आधिकारिक पुष्टि करने से फिलहाल बच रहे हैं।पुलिस की तफ्तीश में यह सनसनीखेज पहलू सामने आया है कि वारदात वाहन खरीदने के लिए रखे गए रुपयों की लूट के लालच में की गई या इसके पीछे कोई गहरी निजी रंजिश और पुराना विवाद है।

'मेरी सुपारी दी जा चुकी है', दोस्तों से 20 दिनों से कह रहा था अभिजीत

जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य भी सामने आया है कि मृतक अभिजीत सिंह राजपूत पिछले 15-20 दिनों से शहर से लेकर गांव तक अपने तमाम परिचितों और दोस्तों से लगातार कह रहा था कि उसे रास्ते से हटाने के लिए सुपारी दी जा चुकी है। वह हर महफिल में अपनी जान पर मंडरा रहे खतरे का जिक्र कर रहा था।

  • सहरसा के गौतम नगर बंफर चौक पर भाजयुमो नेता अभिजीत सिंह राजपूत हत्याकांड में पुलिस की जांच तेज; पटना में छापेमारी

  • वारदात के बाद फरार करीबी दोस्त आर्यन को पटना से हिरासत में लिए जाने की सूचना, पुलिस साध रही चुप्पी

  • हत्या के अगले दिन अभिजीत की बुलेट से घूमता दिखा था आर्यन; फेसबुक पर 'मिस यू भैया' लिखकर मोबाइल किया था स्विच ऑफ

  • गाड़ी खरीदने के लिए रखे गए रुपयों की लूट और निजी रंजिश के एंगल पर जांच; सदर एसडीपीओ बोले- 48 घंटे में होगा खुलासा

अपराधियों ने बुधवार की देर रात घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया था। गुरुवार को पूरे दिन किसी को इस जघन्य हत्याकांड की भनक तक नहीं लगी। परिचितों के अनुसार, गुरुवार की शाम आर्यन को अभिजीत की ही बुलेट बाइक से शहर में घूमते हुए देखा गया था। उस दौरान वह दोस्तों से कह रहा था कि वह बुलेट कहीं खड़ी करने जा रहा है और बाद में अभिजीत भैया खुद आकर ले जाएंगे।

फेसबुक पर लिखा 'मिस यू भैया' और बंद कर लिया मोबाइल

सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह आर्यन ने अपने कुछ साथियों को फोन कर बताया था कि वह दरभंगा में है। इसके कुछ ही देर बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। रहस्य तब और गहरा गया जब उसी शाम आर्यन के फेसबुक प्रोफाइल से अभिजीत की तस्वीर के साथ 'मिस यू भैया' का भावुक पोस्ट साझा किया गया।

हत्या के ठीक बाद मृतक की बुलेट लेकर घूमना, लोकेशन बदलना और फिर सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर भूमिगत हो जाना पुलिस के शक को पुख्ता कर गया। पुलिस टीम अब इस बिंदु की पड़ताल कर रही है कि अभिजीत द्वारा गाड़ी खरीदने के लिए जुटाए गए रुपयों को हड़पने के लिए यह साजिश रची गई या कहानी के पीछे कोई और मास्टरमाइंड छिपा है।

एफएसएल जांच के लिए पहुंची टीम, दरवाजे पर लटका मिला ताला

घटनास्थल से महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य सुरक्षित करने के लिए पुलिस ने शुक्रवार को ही अभिजीत के आवास को सील कर दिया था। शनिवार को सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान और विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की विशेषज्ञ टीम सघन जांच के लिए दोबारा मौके पर पहुंची।

हालांकि, अभिजीत के पैतृक गांव गढ़ बरूआड़ी में दाह संस्कार कार्यक्रम होने के कारण सभी परिचित और परिजन वहां गए हुए थे। इस दौरान घर के मुख्य द्वार पर ताला बंद कर चाबी भी कोई साथ ले गया था, जिसके चलते फॉरेंसिक टीम अंदर प्रवेश नहीं कर सकी और जांच अधूरी रह गई।

यह भी पढ़ें- सहरसा में भाजयुमो जिला महामंत्री अभिजीत राजपूत की घर में गोली मारकर हत्या; 5 लाख कैश, बुलेट और मोबाइल गायब

"भाजयुमो नेता हत्याकांड में पुलिस हर संभावित और तकनीकी बिंदुओं पर गहराई से पड़ताल कर रही है। विशेष टीम लगातार छापेमारी और वैज्ञानिक अनुसंधान में जुटी हुई है। अगले 48 घंटे के भीतर पुलिस किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंच जाएगी और पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।"

-

— पंकज कुमार सिंह, सदर एसडीपीओ, सहरसा