विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेल यात्रियों के लिए राहत : सहरसा में बंगाली बाजार का ट्रैफिक ब्लॉक रद, पुराने रूट पर ही चलेंगी सभी ट्रेनें

Published: Wed, 15 Jul 2026 01:31 PM (IST)

सहरसा के बंगाली बाजार में बुधवार को प्रस्तावित मेगा ब्लॉक रद्द कर दिया गया है, जिससे सभी ट्रेनें अब अपने ...और पढ़ें

सहरसा बंगाली बाजार में 15 जुलाई को लिया जाने वाला प्रस्तावित मेगा ब्लॉक रद।

सहरसा बंगाली बाजार में 15 जुलाई को लिया जाने वाला प्रस्तावित मेगा ब्लॉक रद।

संवाद सूत्र, सहरसा। पूर्व मध्य रेल समस्तीपुर मंडल के सहरसा स्टेशन अंतर्गत बंगाली बाजार में बुधवार 15 जुलाई को लिया जाने वाला प्रस्तावित मेगा ब्लॉक कतिपय कारणों से अचानक रद कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन ने बंगाली बाजार स्थित विशेष समपार फाटक संख्या-31 को स्थायी रूप से बंद करने के लिए 6 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक की घोषणा की थी, जिसे देर रात आधिकारिक तौर पर निरस्त कर दिया गया। इस बड़े फैसले के बाद सहरसा रेल खंड से गुजरने वाली हजारों यात्रियों की सभी प्रमुख ट्रेनों का परिचालन अब अपने पूर्व निर्धारित समय और रूट के अनुसार पूरी तरह से सामान्य रहेगा।

रद और मार्ग परिवर्तित ट्रेनों का फैसला वापस

ब्लॉक रद होने के परिणामस्वरूप पूर्व में रद की गई त्रिवेणीगंज-सहरसा और समस्तीपुर पैसेंजर सहित सभी 5 ट्रेनें अब अपने पुराने शेड्यूल पर ही पटरियों पर दौड़ेंगी। इसके साथ ही आनंद विहार टर्मिनल, जयनगर-मनिहारी और सुपौल-नई दिल्ली विशेष ट्रेनों के मार्ग परिवर्तन (रूट डायवर्जन) के फैसले को भी रेलवे ने पूरी तरह से वापस ले लिया है। यात्री ध्यान दें कि इस पूरे ब्लॉक निरस्तीकरण के बाद केवल एक गाड़ी संख्या 14617 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर एक्सप्रेस अपने शुरुआती स्टेशन पूर्णिया कोर्ट से 300 मिनट (5 घंटे) की देरी से प्रस्थान करेगी।

चौड़ी पक्की सड़क से आवागमन हुआ बेहद आसान

भले ही बुधवार का मेगा ब्लॉक टल गया हो, लेकिन रेलवे बंगाली बाजार में निर्माणाधीन रेल ओवर ब्रिज (ROB) और यार्ड विस्तार को लेकर इस फाटक को बंद करने की तैयारी में है। इसी के मद्देनजर रेल प्रशासन ने आम लोगों की सहूलियत के लिए बंगाली बाजार रेलवे ढाला से सटाकर ही गंगजला रेलवे ढाला तक एक शानदार चौड़ी पक्की सड़क का निर्माण पूरा कर लिया है। इस वैकल्पिक नए मार्ग पर बुधवार से ही आम जनता के वाहनों का आवागमन पूरी तरह शुरू कर दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

समस्तीपुर मंडल ने जारी किया अलर्ट

रेलवे के इस अचानक बदले फैसले के बाद स्थानीय रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम से बचने के लिए यात्रा शुरू करने से पहले अद्यतन स्थिति जान लें। यात्री नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) या रेलवे के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से अपनी संबंधित ट्रेनों की लाइव लोकेशन और समय की जांच अवश्य कर लें। समस्तीपुर रेल मंडल ने स्पष्ट किया है कि ब्लॉक टलने के बाद अब किसी भी यात्री को असुविधा नहीं होगी और पंचगछिया व दौरम मधेपुरा पर रुकने वाली आंशिक ट्रेनें भी अब सहरसा तक सुगम सफर तय करेंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।