कागजों में दान, हकीकत में छलावा: सहरसा में 'गायब' हो गई 344 एकड़ भूदान की जमीन, दर-दर भटक रहे सैकड़ों किसान
सहरसा में भूदान की 344 एकड़ जमीन प्रशासन की नजर से ओझल है, जबकि हजारों लाभार्थियों को आवंटित भूमि पर कब्जा नहीं मिल पा रहा है।

प्रशासन की नजर से ओझल है भूदान की 344 एकड़ जमीन (AI Generated Image)
HighLights
सहरसा में 344 एकड़ भूदान भूमि प्रशासन की नजर से ओझल।
लाभार्थियों को आवंटित जमीन पर कब्जा और दाखिल-खारिज में परेशानी।
कई जमींदारों ने दान की जमीन पर स्वयं कब्जा बरकरार रखा।
कुंदन कुमार, सहरसा। भूदान में मिली जमीन का सही तरीके से वितरण कराने और उसे कानूनी मान्यता प्राप्त हो। यह प्रश्न विनोबा जी और बिहार सरकार के सामने बहुत कठिन था। उस समय भूदान के जमीन की संपुष्टि का नियम बनाया गया।
इसके लिए कोसी प्रमंडल में 28289 एकड़ जमीन जमींदारों ने भूदान में दिया था। वर्ष 1965 में विनोवा जी सहरसा आए। सहरसा, मधेपुरा व सुपौल को उन्होंने भूदान का सघन क्षेत्र बनाया।
जिला विभाजन के बाद सहरसा जिले में 3477.62 एकड़ भूमि शेष रह गई, जिसमें 3133.61 एकड़ भूमि वितरित किया गया। शेष 344.01 एकड़ जमीन कहां है। वह फिलहाल प्रशासन की नजर से ओझल है।
दूसरी ओर भूदान की जमीन पानेवाले लोग भी जमीन कब्जा के लिए परेशान हैं। कई जमींदारों ने स्वयं दान दिखाकर जमीन अपने कब्जे में रखा, इस जमीन का पर्चा वितरण तो किया गया, परंतु इनलोगों को दाखिल- खारिज में परेशानी हो रही है।
जमीन पर दखल पाने के लिए भटक रहे सैकड़ों भूदान किसान
सहरसा आश्रम (वर्तमान विनोबा आश्रम) ते भूदान के लिए जमींदारों से मिलने- जुलने और वितरण की नीति तय कर विनोबा भावे मुज्जफरपुर चले गए और यहां कि जिम्मेदारी स्वतंत्रता सेनानी पं. राजेन्द्र मिश्र को दे दिया।
पं. राजेन्द्र मिश्र ने सभी भूदान की दान पर्ची संग्रह कर मुज्जफरपुर में विनोबा जी को पहुंचाया था। जिला विभाजन के बाद सहरसा जिला में 3477.62 एकड़ भूमि शेष रह गई। इसमें प्रशासन ने 3133.61 एकड़ जमीन को अनुसूचित जाति- जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग के गरीबों के बीच वितरित कर दिया।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार अनुसूचित जाति के बीच 1473.67 एकड़, अनुसूचित जनजाति के बीच 70. 74 एकड़, पिछड़ा वर्ग के बीच एक 1345. 12 एकड़ तथा अन्य वर्गों के बीच 244.08 एकड़ भूमि वितरित की गई। शेष 344.01 एकड़ जमीन कहां है?
जिला प्रशासन को खोज पाना मुश्किल है। कई किसान जिन्हें भूदान की जमीन मिली थी उसपर कब्जा पाने अथवा दाखिल- खारिज नहीं हो पाने के कारण अबतक दौड़भाग कर रहे हैं। उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।
बलुआहा के सिकंदर पासवान कहते हैं, उन्हें भूदान से जमीन का पर्चा तो मिला, परंतु अबतक उसपर दखल नहीं हो सका। वह आज भी जमींदार के कब्जे में ही है।
धनुपरा के दामोदर सादा व भोला सादा कहते हैं कि वे लोग भूदान से मिली जमीन पर दखल के लिए दौड़भाग कर रह थक गए, परंतु वह हासिल नहीं हो पाया है। कई जगह आवेदन भी दिया, परंतु इसकी सुनवाई नहीं हो सकी।
सर्वोदय से जुड़े विनोबा आश्रम ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अरबिन्द कुमार झा कहते हैं कि सहरसा में भूदान की शेष जमीन शासन की गलत नीतियों और भूदान यज्ञ कमेटी की निष्क्रियता के कारण वितरण नहीं हो पाया है।
कई जमींदारों ने स्वयं दान दिखाकर जमीन अपने कब्जे में रखा तो कई लोगों को पर्चा मिलने के बाद दाखिल- खारिज और जमीन दखल में परेशानी हो रही है। प्रशासन की गंभीरता और सक्रियता से ही इस समस्या का समाधान संभव है।
भूदान की जमीन के संबंध में कोई विधिवत जानकारी नहीं है। अगर भूदान से जुड़े लोगों द्वारा यह मामला संज्ञान में लाया जाएगा, तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पर्चाधारी को दखल नहीं मिल पाने की मामले में भी विधिसम्मत पहल की जाएगी। - निशांत, अपर समाहर्ता, सहरसा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।