राबड़ी व तेजस्वी पर केस करना कानून विरुद्ध : अजय
सहरसा। पटना पुलिस प्रशासन द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर मुक
सहरसा। पटना पुलिस प्रशासन द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी एवं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर मुकदमा अलोकतांत्रिक एवं कानून विरुद्ध है। राबड़ी देवी पूर्व मुख्यमंत्री हैं और विपक्ष की बड़ी नेताओं में हैं। नेता प्रतिपक्ष का पद संवैधानिक पद है और तेजस्वी यादव पूर्व उपमुख्यमंत्री भी है।
राजद के प्रदेश सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि इनदोनों नेताओं को गोपालगंज जाने की इजाजत भी नहीं दी गई और मुकदमा भी दर्ज किया गया। जबकि सरकार और प्रशासन को पूर्व सूचना दी गई थी। गोपालगंज में तिहरे हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने राजद नेता जा रहे थे और उन्हें आवास से निकलने नहीं दिया गया। आरोप है कि पटना पुलिस प्रशासन ने राजद नेताओं के साथ अपराधियों की तरह व्यवहार किया। यह अलोकतांत्रिक और संवैधानिक मर्यादाओं के प्रतिकूल है। उन्हें विधानसभा स्पीकर से भी मिलने से रोका जा रहा था। उनके आवास पर पुलिस की तैनाती कर छावनी में तब्दील कर दिया गया था। प्रदेश सचिव अजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि गोपालगंज के आरोपी विधायक को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। गोपालगंज कांड की जांच सीबीआई से होनी चाहिए। जब सत्ता से जुड़े लोग इस सरकार में सुरक्षित नहीं है तो आम आदमी तो भगवान भरोसे ही है। प्रदेश सचिव ने आरोप लगाया कि अपराधी बेखौफ और बेलगाम हो गए हैं और सरकार इलेक्शन मोड में आ गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष सहित अन्य नामित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा वापस लेने की मांग की है।